बरेली: मोदी के चेंजओवर से दिल्ली-मुंबई और बेंगलुरू की उड़ानें रह सकती हैं निरस्त
बरेली, अमृत विचार। हवाई मार्ग से दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई आने-जाने वाले बरेली, मुरादाबाद मंडल के साथ ही उत्तराखंड के यात्रियों को एक बार फिर दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। 18 दिसंबर को फ्लाइटें निरस्त होने के बाद अब 30 दिसंबर को भी इन शहरों की फ्लाइटें निरस्त होने की आशंका बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी …
बरेली, अमृत विचार। हवाई मार्ग से दिल्ली, बेंगलुरू और मुंबई आने-जाने वाले बरेली, मुरादाबाद मंडल के साथ ही उत्तराखंड के यात्रियों को एक बार फिर दिक्कतें झेलनी पड़ेंगी। 18 दिसंबर को फ्लाइटें निरस्त होने के बाद अब 30 दिसंबर को भी इन शहरों की फ्लाइटें निरस्त होने की आशंका बढ़ गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हल्द्वानी जाने के दौरान 30 को त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर है। दिल्ली से बरेली आने, हल्द्वानी जाने, फिर बरेली से दिल्ली जाने की टाइमिंग के आसपास ही दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइटें की उड़ानों का समय भी है। अभी उड़ानों के निरस्त होने की ऑफिशियल घोषणा नहीं हुई है।
18 दिसंबर को शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखने के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर की वजह से मुंबई और बेंगलुरू जाने एवं मुंबई और बेंगलुरू से बरेली आने वाली फ्लाइटें निरस्त रखी गईं थीं। एक बार फिर से वैसी स्थिति बन रही है। इस बार दिल्ली की उड़ान भी प्रभावित हो सकती है।
मोदी 30 दिसंबर को हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में जा रहे हैं। त्रिशूल एयरफोर्स में चेंजओवर है। पीएम की सुरक्षा का सवाल तो है ही लेकिन फ्लाइटों के निरस्त होने के पीछे का सबसे बड़ा कारण फ्लाइटों के एयरफोर्स के रन-वे से ही उड़ान भरना भी रहता है। बरेली एयरपोर्ट के पास रन-वे नहीं है, इसलिए बरेली-दिल्ली के लिए उड़ान भरने के दौरान एलाइंस एयर का एटीआर-72 और इंडिगो की 180 सीटर एयरबस एयरफोर्स के रन-वे से ही उड़ान भरती हैं।
एलाइंस एयर के प्रतिनिधि से बात करने पर मालूम हुआ कि दिल्ली से फ्लाइट सुबह 10.55 बजे एयरपोर्ट में पहुंचती हैं और बरेली से 11.55 दिल्ली के लिए उड़ान भरने का समय है। इसलिए बरेली-दिल्ली फ्लाइट के प्रभावित होने की भी ज्यादा बढ़ गई है। बरेली एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के लिए प्रतिदिन 700 से अधिक यात्री हवाई सफर करते हैं। इधर एयरपोर्ट के अधिकारी ने बताया कि अभी प्रधानमंत्री के चेंजओवर के संबंध में उन्हें सरकारी सूचना नहीं मिली है।
इंडिगो की वेबसाइट पर 29 को जारी हो सकते हैं संकेत
पिछली बार 18 दिसंबर को उड़ानें निरस्त होने के दौरान इंडिगो कंपनी की ओर से एक दिन पहले टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को मैसेज करके फ्लाइटों के निरस्त होने की जानकारी दी गई थी। इंडिगो की ऑफीशियल वेबसाइट पर भी टिकट बुकिंग का विवरण शनिवार (18 दिसंबर) के साथ 19 दिसंबर (रविवार) का भी निल हो गया था।
इसके साथ बरेली-मुंबई और बेंगलुरू आने-जाने वाले यात्रियों को शनिवार की जगह रविवार को हवाई यात्रा करने का मौका दिया गया था लेकिन 30 दिसंबर की फ्लाइटों के संबंध में इंडिगो की वेबसाइट पर अभी कोई संकेत नहीं दिए हैं। टिकटों की बुकिंग जारी दिखा रहा है। माना जा रहा है कि 29 दिसंबर को वेबसाइट पर बुकिंग निल दिखनी शुरू हो जाएगी।
30 दिसंबर को मोदी के बरेली में चेंजओवर का समय
- 11:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से वायुयान से उड़कर त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन में 11:55 बजे पहुंचेंगे।
- 12 बजे एयरफोर्स से मोदी हेलीकाप्टर से हल्द्वानी में हैलीपैड के लिए उड़ेंगे।
- 2:25 बजे हल्द्वानी से उड़ेंगे और 3:05 बजे एयरफोर्स पहुंचेंगे
- 3:10 बजे एयरफोर्स से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए उड़ेंगे।
मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट का समय
- 9:50 बजे मुंबई से उड़ान भरकर 12:15 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने का समय।
- 1:15 बजे एयरफोर्स के रन-वे से मुंबई के लिए फ्लाइट की उड़ान।
- 11:10 बजे बेंगलुरू से उड़ान भरकर 2 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचने का समय
- 3 बजे एयरफोर्स के रन-वे से बेंगलुरू के लिए उड़ान।
जनप्रतिनिधियों को भेजी गयी चेंजओवर की सूचना
प्रधानमंत्री के 30 दिसंबर के चेंजओवर का सरकारी कार्यक्रम बरेली प्रशासन के पास शनिवार सुबह पहुंच गया। वीआईपी प्रभारी अधिकारी नगर मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय की ओर से प्रधानमंत्री के चेंजओवर के कार्यक्रम की सूचना पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, राज्य मंत्री छत्रपाल गंगवार समेत सभी विधायकों, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष के अलावा पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अफसरों को भेजी गयी है।
