हरदोई: साजिश हुई बेनकाब…भाई व भतीजों को फंसाने के लिए खुद पर करवाया था हमला
हरदोई। हरदोई पुलिस ने चचेरे भाई व भतीजों को फंसाने के लिए दोस्त के हाथों खुद को गोली मरवाने का सारा चिट्ठा खोल कर रख दिया है। एसपी अजय कुमार ने बेनीगंज कोतवाली के महुआकोला में किए गए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए असली हमलावर को सामने किया है। एसपी अजय कुमार ने रविवार …
हरदोई। हरदोई पुलिस ने चचेरे भाई व भतीजों को फंसाने के लिए दोस्त के हाथों खुद को गोली मरवाने का सारा चिट्ठा खोल कर रख दिया है। एसपी अजय कुमार ने बेनीगंज कोतवाली के महुआकोला में किए गए जानलेवा हमले का खुलासा करते हुए असली हमलावर को सामने किया है। एसपी अजय कुमार ने रविवार को मीडिया से रू-ब-रू होते हुए बताया कि 22/23 दिसंबर की देर रात महुआकोला के रामशंकर को गोली मारने में उसकी पत्नी रामपति ने रामशंकर के चचेरे भाई और भतीजों आशीष,मदन, शिवनारायण व रामदास को नामज़द किया था।
एसपी के मुताबिक पुलिस ने गहराई से पड़ताल की तो कई चौकाने वाली बातें सामने आई। उन्होंने बताया कि रामशंकर ने अपने चाचा की छह बीघा ज़मीन को धोखे से अपने नाम करा लिया था। जिसका मुकदमा भी चल रहा है। रामशंकर ने अपने दोस्त और पत्नी के नज़दीकी गांव के जगन्नाथ पुत्र धनश्याम को साथ ले कर साजिश का ताना-बाना तैयार किया। साजिश के तहत रामशंकर ने धनश्याम को इस बात के लिए तैयार कर लिया कि वह उसके पैर में गोली मारे और सारा ठीकरा चचेरे भाई और भतीजों पर फोड़ दिया जाए। लेकिन धनश्याम का इरादा बदल दिया।
उसने रामशंकर को रास्ते से हटाने के लिए गोली पैर पर नहीं, बल्कि उसकी पीठ में मार दी। जगन्नाथ की रामपति से गहरी दोस्ती थी। इसी लिए वह रामशंकर को रास्ते से हटाना चाहता था। शनिवार को बेनीगंज एसएचओ इन्द्रजीत सिंह चौहान ने एसएसआई रामकेवल तिवारी और कांस्टेबिल जयकरन कुशवाहा के साथ जगन्नाथ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्ज़े से एक तमंचा भी बरामद किया गया है।
बेरोज़गारों से कर चुका था लाखों की ठगी
हरदोई। एसपी अजय कुमार ने बताया है कि महुआकोला का रामशंकर काफी शातिर किस्म का है। उसने लोगों से नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी की। गांव के लाला और उसकी पत्नी से पहले 15 हज़ार और फिर बाइक गिरवीं रखवा कर 10 हज़ार रुपए ठग चुका था। जिस दिन हमला कराया गया।उसी दिन लाला और रामशंकर के बीच लेन-देन को लेकर पंचायत हुई थी। रामशंकर एक तीर से कई शिकार करना चाहता था।इसी वजह से उसने इस तरह की साजिश को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें:-रामपुर : महबूब मसीह ने कहा, जगत की निजात के लिए प्रभु यीशु ने दी कुर्बानी
