मुरादाबाद : पूर्व सांसद धर्मेंद्र ने कहा, प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल, 2022 में होगा परिवर्तन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद की विधान सभा क्षेत्र-26 बिलारी में समाजवादी पार्टी, महान दल और राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व केशव देव मौर्य का 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। रविवार को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जनपद की विधान सभा क्षेत्र-26 बिलारी में समाजवादी पार्टी, महान दल और राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव व केशव देव मौर्य का 51 किलो की फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया गया।

रविवार को बिलारी के रॉयल गर्ल्स डिग्री कॉलेज मैदान में तीनों दलों के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसे देखकर नेता गदगद हो गए और कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का आधार बिलारी से ही शुरू हो गया है, अकेले यहीं नहीं पूरे प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल है। बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर सत्ता में आई, झूठ का जनता के बीच पर्दाफाश हो चुका है। चुनावों को देख केवल मार्च तक मुफ्त राशन देने का ऐलान किया है।

परंतु हम एलान करते हैं कि प्रत्येक घर में रसोई का पूरा सामान जब तक सपा का शासन रहेगा, हम पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को अब लैपटॉप देने की बात कह रही है। जब आचार संहिता लगने वाली है।इसको युवा समझ सकते हैं। उन्होंने विधायक बिलारी फहीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपनी निष्पक्ष कार्यशैली से यह सभी वर्गों में लोकप्रिय हैं, विकास के लिए लड़ते हैं इसलिए सब लोग मिलकर इन्हें विधायक जरूर बनाएं।

उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री और रामपुर के सांसद आजम खां एवं स्वर्गीय विधायक हाजी मोहम्मद इरफान का भी जिक्र किया। भाजपा पर प्रदेश को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की बात कह करते थे, लेकिन अपनी गलत नीतियों से और आय घटा दी। इसलिए जनता अब सपा की सरकार बनाने को तैयार बैठी है।

वहीं महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने अमर शहीद उधम सिंह को याद करते हुए अपनी बात को शुरू किया कहा कि भाजपा सरकार का कोरोना नौटंकी का पर्दाफाश हो चुका है। भाजपा अपनी रैलियां करे तो कोरोना नहीं और अखिलेश यादव की रात्रि कालीन जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ रही है तो रात्रि कर्फ्यू लगा दिया, कोरोना के कारण रेल और बसें बंद कर दीं। उस दौरान गरीब मजदूर ट्रक और अन्य वाहनों में ठूंस कर भर कर आए तब कोरोना नहीं फैला। शराब की दुकान खुलती है तो कोरोना नहीं, लेकिन स्कूल, किराना और कपड़े की दुकान व जरूरत के लिए खोली जाती है तब कोरोना का मुकदमा दर्ज किया जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की असलियत सब जान चुके हैं।

उन्होंने महान दल कार्यकर्ताओं से हाथ उठाकर मोहम्मद फहीम इरफान को विधायक बनाने का संकल्प दिलाया। बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान ने कहा कि हिंदू-मुसलमान मेरे सरपरस्त हैं, इसलिए सपा सरकार आने पर क्षेत्र के सभी कब्रिस्तान, श्मशान, मंदिर और मस्जिद की हालत सुधारी जाएगी। उन्होंने बुनकरों के भारी-भरकम विद्युत बिल आने की समस्या उठाते हुए कहा कि उनकी पहले से ही आर्थिक हालत बिगड़ी हुई थी, ऊपर से बिजली के बिलों ने कमर तोड़ कर रख दी है, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं, सपा सरकार आने पर सभी को 300 यूनिट बिजली फ्री दी जायेगी।

बसपा छोड़कर सपा में आए पूर्व राज्यसभा सांसद वीर सिंह एडवोकेट ने कहा कि भाजपा सरकार संशोधन करके संविधान को कमजोर कर रही है। निजीकरण करके आरक्षण को खत्म किया जा रहा है। इससे आगे चलकर हमारे बच्चों को नौकरी नहीं मिलेगी। इसलिए भाजपा को सबक सिखाना है और संविधान व आरक्षण बचाने के लिए प्रदेश में सपा की सरकार को बनाना है।

यह लोग रहे मौजूद
सपा, रालोद व महादन के कार्यकर्ता सम्मेलन में महान दल के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार यादव, सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव, संभल के सपा जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी, पूर्व जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, राष्ट्रीय लोक दल के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, सपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष अफरोज वारसी, सपा महानगर अध्यक्ष शीरीगुल, प्रबुद्ध सभा के जिलाध्यक्ष देवेश शर्मा, छात्र सभा के प्रदेश सचिव सौरभ यादव, यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव रेहान पाशा, जिला उपाध्यक्ष हाजी उस्मान एडवोकेट, नगर अध्यक्ष शाहनवाज आलम, बलबीर मौर्य पदम सिंह सैनी, तौहीद सुल्तान, शेर खां, रामवीर सिंह, महावीर सिंह यादव बेरनी, सैयद अली खां, सुखवीर सिंह यादव, नीलू कुमारी जाटव, सुधा शर्मा, राष्ट्रीय लोक दल के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अर्जुन कुमार, मोहम्मद सुलेमान सेठ व मोहम्मद हस्सान फैजी शामिल रहे।

संबंधित समाचार