मेट्रो रेल की सौगात देने कानपुर आएंगे पीएम मोदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर। पीएम मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर को मेट्रो रेल सेवा की सौगात देने के साथ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। करीब पांच घंटे के प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री बीना-पनकी बहुउद्देश्यीय पाइप लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। साथ ही दस विधानसभाओं वाले जिले में विशाल जनसभा …

कानपुर। पीएम मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर को मेट्रो रेल सेवा की सौगात देने के साथ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगे। करीब पांच घंटे के प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री बीना-पनकी बहुउद्देश्यीय पाइप लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे। साथ ही दस विधानसभाओं वाले जिले में विशाल जनसभा को संबोधित कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में माहौल तैयार करेंगे।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कानपुर की 10 विधानसभा सीटों में से सात में भाजपा ने परचम लहराया था। जबकि दो पर समाजवादी पार्टी (सपा) और एक में कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली थी। मोदी लहर के बावजूद आर्यनगर से भाजपा उम्‍मीदवार सलिल विश्‍नोई और कानपुर कैंट से रघुनंदन सिंह भदौरिया हार गए थे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा की जिला इकाई में उत्साह का माहौल है। भाजपा नेताओं का मानना है कि मोदी का करिश्मायी व्यक्तित्व और वाकपटुता का लाभ आने वाले चुनाव में भाजपा की सीटों में इजाफा करेगा।

मोदी सुबह 10:25 बजे वायुसेना के विमान से चकेरी एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। जहां उनका स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। प्रधानमंत्री अपने संक्षिप्त दौरे की शुरूआत आईआईटी के 54वें दीक्षांत समारोह में भाग लेकर करेंगे और पांच मेधावियों को पदकों से सम्मानित करेंगे। वहीं, समारोह में 1723 छात्र छात्राओं को डिग्री प्रदान की जायेगी। आईआईटी प्रेक्षागार से निकलने के बाद प्रधानमंत्री 1225 बजे आईआईटी मेट्रो स्टेशन पहुंचेंगे और प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। साथ ही पीएम मोदी मेट्रो रेल सेवा के पहले चरण का शुभारंभ करेंगे और मेट्रो ट्रेन से गीतानगर मेट्रो स्टेशन जायेंगे। पहली मेट्रो ट्रेन का संचालन दो महिला पायलट करेंगी। गीतानगर मेट्रो स्टेशन से निकल कर प्रधानमंत्री चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (सीएसए) हेलीपैड पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से निराला नगर रेलवे मैदान जायेंगे।

पढ़ें: हरदोई: बसें लगीं रैली में तो जनता हुई परेशान, जानें पूरा मामला…

जहां जनसभा को संबोधित करने से पहले वह बीना पनकी मल्टीपर्पज पाइप लाइन परियोजना का लोकार्पण करेंगे और बीपीसीएल की प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे। करीब पौने दो बजे मोदी रेलवे मैदान पर बने विशाल मंच का रूख करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। मंच पर उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और औद्योगिक विकास मंत्री और स्थानीय विधायक सतीश महाना समेत योगी मंत्रिमंडल के कई अहम सदस्य एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। करीब एक घंटे के संबोधन के बाद प्रधानमंत्री चकेरी एयरफोर्स स्टेशन के लिये रवाना होंगे और 1520 बजे दिल्ली के लिए वापस होंगे। वहीं, प्रधानमंत्री के करीब पांच घंटे के प्रवास के दौरान शहर की सुरक्षा अभेद्य दुर्ग के रूप में परिवर्तित रहेगी। पीएम के दौरे के मद्देनजर यातायात में परिवर्तन किया गया है। यह डायवर्जन केवल 27 व 28 दिसंबर को एक घंटे के लिए सुबह 11:30 बजे से 12:30 तक प्रभावी रहेगा।

संबंधित समाचार