बरेली: सम्मान पाकर मेधावियों के खिले चेहरे
बरेली, अमृत विचार। शैक्षिक सत्र 2020 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर 22 छात्रों को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया। सोमवार को जीआईसी सभागार में आयोजित प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सलघ्या मिश्रा को एक लाख की धनराशि और …
बरेली, अमृत विचार। शैक्षिक सत्र 2020 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर 22 छात्रों को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित कर सम्मानित किया। सोमवार को जीआईसी सभागार में आयोजित प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सलघ्या मिश्रा को एक लाख की धनराशि और टैबलेट देकर पुरस्कृत किया गया। सम्मान समारोह में जनपद स्तर पर 21 हजार धनराशि का चेक और टैबलेट दिया गया। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खिल उठे। अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने गुरुजनों और माता-पिता को दिया।
कार्यक्रम में शिरकत कर रहे बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री छत्रपाल गंगवार ने छात्रों को संबोधित कर कहा कि यह सम्मान छात्रों के परिश्रम और लगन का नतीजा है। उन्होंने छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित कर विश्व भर में नाम रोशन करने की कामना कर बधाई दी।
डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका मिशन है कि जनपद स्तर पर ज्यादा से ज्यादा छात्र प्रदेश स्तर पर टॉप करें। संचालित मिशन टॉपर योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य, फरीदपुर विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल, बिथरी विधायक राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल, मुख्य विकास अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी, शिक्षा समन्वयक विकास पाठक आदि मौजूद रहे।
आईएएस, डॉक्टर और सेना में अधिकारी बन करेंगे देश की सेवा
मैं वर्तमान में लखनऊ से मनोविज्ञान विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रही हूं। मैंने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में 99. 60 अंक प्राप्त किए थे। मेरी आईएएस बनकर नारी सशक्तीकरण और आर्थिक कमजोरी को दूर करने की दिशा में काम करने की इच्छा है। -सलघ्या मिश्रा, चिकार इंटरनेशनल स्कूल
12 वीं की बोर्ड परीक्षा में मेरे 90 फीसदी अंक आए थे। मेरी भविष्य में यूपीएससी की तैयारी कर उच्च अधिकारी बनकर देश सेवा करने की मंशा है। हर स्तर पर पांव जमा चुके भ्रष्टाचार के खिलाफ धरातल पर काम कराना चाहता हूं ताकि सामान्य से निचले वर्ग को होने वाली परेशानियों का सामना न करना पड़े। – धीरेंद्र कुमार, श्रीलालता प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नवाबगंज
मैं यूपीएससी की तैयारी कर रहा हूं। भविष्य में आईएएस बनकर महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराध को नियंत्रित करूंगा। पिछले शैक्षिक सत्र में सर्वोच्च अंक पाने पर यह सम्मान दिया गया है, सम्मान मिलने पर बहुत खुशी हो रही है। -अनुराग शंखधार, श्री लालता प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नवाबगंज
गुरुजनों की शिक्षा और माता-पिता के आशीर्वाद के कारण 89 फीसद अंक के रूप में यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। एनडीए की तैयारी कर सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता हूं। -अभिषेक कुमार, श्री लालता प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नवाबगंज
