बरेली: व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले छात्र भी बने टॉपर्स

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से पहले टॉपर्स की सूची जारी की गई है। इस सूची के लिए 29 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं लेकिन तीन दिनों में अभी तक कोई आपत्ति नहीं आयी है। अब टॉपर्स की संख्या भी बढ़कर 88 हो गई है। खास बात है …

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से पहले टॉपर्स की सूची जारी की गई है। इस सूची के लिए 29 दिसंबर तक आपत्तियां मांगी गई हैं लेकिन तीन दिनों में अभी तक कोई आपत्ति नहीं आयी है। अब टॉपर्स की संख्या भी बढ़कर 88 हो गई है। खास बात है कि इस बार टॉप करने वालों में आठ छात्र ऐसे हैं, जिन्होंने प्राइवेट (व्यक्तिगत) परीक्षा दी थी। इन्होंने एमए हिन्दी, राजनीति शास्त्र, इतिहास व अन्य पाठ्यक्रमों में टॉप किया है। अभी दो पाठ्यक्रमों के रिजल्ट आने बाकी हैं। यदि इनके दीक्षांत समारोह से पहले रिजल्ट आ गए तो टॉपर्स की संख्या 90 पहुंच जाएगी।

विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 12 जनवरी को प्रस्तावित है। दीक्षांत समारोह में टॉपर्स को डिग्री व पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले 24 दिसंबर की शाम को विश्वविद्यालय ने स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों के 86 टॉपर्स की सूची जारी की थी। डीएसडब्ल्यू प्रो. पीबी सिंह ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी छात्र को टॉपर्स पर आपत्ति है तो वह 29 दिसंबर को शाम 4 बजे तक आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। टॉपर्स की जो सूची जारी की गई थी, उसमें 78 छात्र रेग्युलर यानी संस्थागत पढ़ाई करके परीक्षा देने वाले हैं और आठ व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले हैं। इसमें एमए हिंदी, इतिहास, गणित, राजनीति शास्त्र, परसियन, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र और शिक्षा विषय के हैं। इसमें दो छात्रों ने बरेली कॉलेज से परीक्षा फार्म भरा था।

इसलिए बढ़े दो टॉपर
विश्वविद्यालय ने एमएससी एनिमल हस्बेंड्री का रिजल्ट जारी किया है। इसमें दो छात्रों के अंक एक बराबर हैं। इसलिए इसमें दो टॉपर्स होंगे। इसी वजह से टॉपर्स की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। अभी बीबीए और बीएससी कृषि का रिजल्ट आना बाकी है। इनके रिजल्ट समय पर आ जाते हैं तो संख्या 90 पहुंच जाएगी। इसके अलावा बीएससी नर्सिंग का रिजल्ट भी अटका है।

व्यक्तिगत परीक्षा देने वाले टॉपर्स

  • एमए अर्थशास्त्र-निशात जमील (बिजनौर)
  • एमए शिक्षा-मनु पांडेय (बरेली)
  • एमए हिंदी-शोभित मिश्रा (बरेली)
  • एमए इतिहास-आलोक सिंह (रामपुर)
  • एमए गणित-मो. आमिर खान (शाहजहांपुर)
  • एमए परसियन-शादाब खान (शाहजहांपुर)
  • एमए राजनीति शास्त्र-शिवम सिंह (बिजनौर)
  • एमए समाजशास्त्र-शुभांगी गंगवार (बरेली)

संबंधित समाचार