मुरादाबाद : छह वर्षों में सिर्फ 154 महिलाओं को मिला रानी लक्ष्मीबाई सम्मान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला उत्पीड़न को लेकर भले सरकार गंभीर हो, लेकिन नीचे बैठे जिम्मेदारों की सुस्ती के कारण पीड़ितों को योजनाओं का समय से लाभ नहीं मिल पाता। रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना भी इन्हीं में से एक है। योजना के तहत महिलाओं को इलाज व पुनर्वास के लिए तीन से 10 लाख रुपये …

मुरादाबाद, अमृत विचार। महिला उत्पीड़न को लेकर भले सरकार गंभीर हो, लेकिन नीचे बैठे जिम्मेदारों की सुस्ती के कारण पीड़ितों को योजनाओं का समय से लाभ नहीं मिल पाता। रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना भी इन्हीं में से एक है। योजना के तहत महिलाओं को इलाज व पुनर्वास के लिए तीन से 10 लाख रुपये तक की मदद दी जाती है। जनपद की स्थिति पर नजर डालें तो आंकड़े चौंकाने वाले सामने आए हैं।

छह वर्षों में तमाम जांच व पूछताछ के बाद 840 आवेदन ही मदद के लिए सूची में दर्ज किए गए। हैरानी की बात है कि तमाम कोशिशों के बाद सिर्फ 154 आवेदकों को ही मदद दी जा सकी। 108 आवेदन विभागों व 182 आवेदन शासन में लंबित हैं। उत्तर प्रदेश में किसी भी तरह की हिंसा से पीड़ित महिलाओं को मदद करने के लिए 2015 में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष योजना व बाल सम्मान कोष शुरू हुआ। सरकार द्वारा अनुदान के माध्यम से उनके पुनर्वास कार्यक्रम या जरूरत हो तो शिक्षा के साथ आजीविका के लिए सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

हिंसा में मृतक के आश्रितों को भी आर्थिक सहायता का प्रावधान है। जनपद में छह साल में महिला उत्पीड़न के हजारों मामले दर्ज होने के बाद भी गिनती की महिलाओं को ही नाम का सम्मान मिल सका है। ऐसा तब है, जब हर वर्ष हजार से अधिक महिला उत्पीड़न के मामले जनपद भर के थानों में दर्ज होते हैं। दरअसल, महिलाओं में भी इस योजना की जानकारी नहीं है।

ये अपराध हैं शामिल
तेजाबी हमला, दहेज उत्पीड़न, पति द्वारा त्याग कर देना, दुष्कर्म पीड़िता, नाबालिग के साथ दुष्कर्म व छेड़छाड़, सामूहिक दुष्कर्म और हत्या जैसी गंभीर अपराधों को शामिल किया है।

जांच व कोर्ट में प्रकरण होने के कारण कुछ देरी हो जाती है, लेकिन पीड़िताओं को शीघ्र मदद देने का प्रयास रहता है। अभी 182 प्रकरण को फाइनल कर शासन को भेजा जा रहा है। 108 मामलों में विभागों के स्तर से जांच जारी है। जल्द भुगतान किया जाएगा। -प्रिया पटेल, अधिकारी, जिला प्रोबेशन

जनपद की स्थिति
840 आवेदन सूची में दर्ज
154 मामलों में भुगतान
33 प्रकरण की चार्जशीट लंबित
39 मामले मेडिकल में लंबित
36 प्रोबेशन विभाग में लंबित
182 शासन में जांच
396, अपात्र

संबंधित समाचार