सरकार में आने पर महिला पेंशन तीन गुनी करेंगे: अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झूठ बोलने और वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी की सरकार के सत्ता में आने पर महिलाओं की पेंशन तीन गुनी की जायेगी। वहीं, साइकिल और सांड के हमले में मरने वाले के परिजनों को …

उन्नाव। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झूठ बोलने और वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि उनकी पार्टी की सरकार के सत्ता में आने पर महिलाओं की पेंशन तीन गुनी की जायेगी। वहीं, साइकिल और सांड के हमले में मरने वाले के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा।

समाजवादी विजय रथ यात्रा के नौवें चरण में मंगलवार को उन्नाव पहुंचे अखिलेश ने जीआईसी ग्राउंड पर आयोजित एक जनसभा में कहा “ समाजवादी पार्टी सरकार में महिलाओं को जो पेंशन 500 रुपये मिलती थी। हमें अगर उसे तीन गुना भी करनी पड़ी, 1500 रुपए देनी पड़ी, तो हम अपनी माताओं बहनों को 1500 रुपए पेंशन देने का काम करेंगे। नौजवानों के लिए नौकरी और रोजगार का इंतजाम करेंगे। सांड के हमले से जिन लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को पांच लाख रुपये देंगे। साथ ही कहा कि साइकिल दुर्घटनाओं में मरे हुए लोगों के परिजनों को भी पांच लाख की आर्थिक मदद देंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ और सिर्फ वोट की राजनीति करती है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं समेत जनता के मुद्दों और सवालों से बचने के लिए लगातार झूठ बोल रही है। भगवान राम के नाम पर उसे सिर्फ वोट चाहिए इसलिए दिल्ली से लखनऊ तक और लखनऊ से दिल्ली तक लगातार झूठ बोले जा रहे हैं। भाजपा का राम मंदिर से कोई लेना-देना नहीं है। सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के बाद राम मंदिर का निर्माण रोकने की हैसियत किसी में नहीं है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि कानपुर, कन्नौज में भाजपा ने अपने ही कारोबारी पर छापा मार दिया। उसके यहां मिला रुपया भाजपाइयों का है।

पढ़ें: अखिलेश की सरकार बनते ही शुरू होगी दिल्ली की उल्टी गिनती : गोप

इससे नोटबंदी की विफलता साबित होती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर मेट्रो का शिलान्यास समाजवादी सरकार में हुआ था। सपा सरकार के शिलान्यास के समय केंद्र के तत्कालीन शहरी विकास मंत्री भी शामिल हुए थे। हमारे साथ शिलान्यास के समय भाजपा के जो लोग उस समय मंच पर मौजूद थे वे आज मंच पर नहीं दिखाई देंगे। सपा सरकार बनेगी तो मेट्रो कानपुर से गंगा पार कर उन्नाव तक लाएंगे। उन्होंने कहा कि आज महंगाई बहुत बढ़ गई है। किसानों, गरीबों को महंगी बिजली मिल रही है। भाजपा सरकार गरीबों को धोखा दे रही है। जिस तरह की महंगाई है, उससे कमाई आधी हुई है। खाद की बोरी में चोरी हो रही है। प्रदेश में बिजली का एक कारखाना नहीं लगा। सात ही मेधावी छात्र-छात्राओं को टेबलेट और लैपटॉप नहीं बांटे गए।

संबंधित समाचार