रायबरेली: ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, हुआ बड़ा हादसा
रायबरेली। मंगलवार की रात भदोखर के भुएमऊ-परशदेपुर मार्ग के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई वहीं एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले झम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। घटना को लेकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने …
रायबरेली। मंगलवार की रात भदोखर के भुएमऊ-परशदेपुर मार्ग के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई वहीं एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले झम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। घटना को लेकर एकत्र हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची सीओ सिटी ने ग्रामीणों को शांत कराया।
भदोखर के भुएमऊ गांव निवासी धर्मेंद्र, भारत और फूलचंद मंगलवार शाम को हनुमानगंज बाजार खरीदारी करने गए थे। वहां से रात में वह लौट रहे थे। रास्ते में गांव से पहले तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। अंधेरा होने से टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मेंद्र और भारत की मौके पर ही मौत हो गई।
फूलचंद को जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन उसकी भी रास्ते में मौत हो गई। हादसे की सूचना पर भुएमऊ गांव के लोग रायबरेली-परशदेपुर मार्ग पर आ गए और धर्मेंद्र व भारत का शव पुलिसवालों को नहीं उठाने दिया। आरोप लगाया कि ट्रैक्टर चालक ने जान बूझकर तीनों युवकों को टक्कर मारी। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज होना चाहिए।
ग्रामीणों के हंगामा करने की सूचना पर सीओ सिटी वंदना सिंह भी मौके पर पहुंचीं। साथ ही तहरीर देने की बात कह मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस लाए गए। यहां भी गाड़ी से शव उतारने को लेकर कुछ देर तक ग्रामीण पुलिस कर्मियों से उलझे रहे, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। सीओ सिटी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
पढ़ें- विश्व रैपिड शतरंज: कोनेरू हम्पी अपेक्षााओं पर नहीं उतर सकीं खरी, हाासिल किया छठा स्थान
