लखीमपुर-खीरी: 120 की स्पीड में दौड़ी ट्रेन, जीएम ने लिया ट्रायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर/मैलानी-खीरी, अमृतविचार। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को लखनऊ मंडल के मैलानी जंक्शन-ऐशबाग जंक्शन रेल खंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी और यात्री सुविधाओं को भी देखा। इसके बाद सीतापुर-ऐशबाग के मध्य 120 कि.मी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल लिया। निरीक्षण के दौरान जीएम ने यात्री …

लखीमपुर/मैलानी-खीरी, अमृतविचार। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को लखनऊ मंडल के मैलानी जंक्शन-ऐशबाग जंक्शन रेल खंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी और यात्री सुविधाओं को भी देखा। इसके बाद सीतापुर-ऐशबाग के मध्य 120 कि.मी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल लिया। निरीक्षण के दौरान जीएम ने यात्री सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के आरंभ में महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी को रेलवे सुरक्षा बल सदस्यों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

उन्होंने मैलानी स्टेशन स्थित संरक्षा एंव सुरक्षा के दृष्टिगत फुट ओवर ब्रिज, दुर्घटना सहायता गाड़ी एवं दुर्घटना चिकित्सा सहायता गाड़ी, एमजी कोचिंग डिपों, एकीकृत रनिंग रूम, लॉबी, चिकित्सीय स्वास्थ्य यूनिट एवं रेलवे कालोनी तथा यात्री सुविधाओं के अंतर्गत बुकिंग कार्यालय, सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन प्लेटफार्म व स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा प्रतीक्षालय आदि व्यवस्थाओं को देखा।

महाप्रबंधक ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य लाभ के लिए रेलवे कालोनी स्थित पार्क में ओपेन जिम का उद्घाटन किया तथा इसके साथ ही कर्मचारी कल्याण की दिशा में मृतक कर्मचारियों के परिवारों की सहायता के लिए रियल टाइम मॉनिटरिंग पर आधारित सहयोग एप को ई-फलक का अनावरण कर शुभारंभ किया। उन्होंने लखनऊ मंडल के एनई रेलवे मजदूर यूनियन, एससीएसटी एसोसिएशन तथा ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारियों से भेंट की। जीएम ने मैलानी-बॉकेंगज के मध्य मेजर ब्रिज स. 246 का तथा बॉकेगंज-गोलागोकरननाथ स्टेशनों के मध्य एलसी गेट सं. 166 सी का निरीक्षण किया।

उन्होने रेल खंड की कार्य प्रणाली के अनुरुप गेटमैन की कार्यशीलता एवं सजगता को परखा। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे की स्काउट एवं गाइड टीम द्वारा समपारों पर रेल संरक्षा विषय पर आधारित मंचित नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया। तदुपंरात गोला गोकरननाथ स्टेशन पहुॅचने पर स्टेशन अधीक्षक कक्ष एवं यात्री सुविधाओं के अंतर्गत बुकिंग कार्यालय, सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज एवं स्टेशन साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था तथा विद्युताकर्षण एसएसपी का निरीक्षण किया। उन्होंने गोला गोकरननाथ-फरधान, स्टेशनों के मध्य एलएचएस सं. 229 एवं इंजीनियरिंग गैंग के कर्मचारियों की कार्यशीलता एवं सजगता को परखा।

फरधान स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक कक्ष, स्टेशन प्लेटफार्म, स्टेशन यार्ड तथा फरधान-लखीमपुर स्टेशनों के मध्य कर्व सं. 37 एवं एलसी गेट सं. 122 कोे देखा। इसके उपरांत लखीमपुर स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधाओं के अंतर्गत बुकिंग कार्यालय, सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज, रेलवे कालोनी व स्टेशन साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, इत्यादि का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यो की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थिति अधिकारियों को यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर सेवा प्रदान करने के लिए निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जीएम के साथ लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंबर प्रताप सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर सुमित वत्स, वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबन्धक अनूपकुमार सिंह, वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी अजयप्रताप सिंह, वरिष्ठ मंडल यॉत्रिक इंजीनियर रणविजय प्रताप, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर मानसी मित्तल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर एसडी पाठक, वरिष्ठ मंडल यॉत्रिक इंजीनियर फणीद्र कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर धनंजय मिश्रा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर डीके वर्मा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी समन्वय मनोज कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी प्रथम राहुल यादव सहित तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार