आज मुरादाबाद में कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे अमित शाह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। जन विश्वास सभा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का मुरादाबाद जोरदार स्वागत करेगा। भीड़ प्रबंधन में पार्टी पदाधिकारियों ने कई स्तर पर मेहनत की है। बूथ स्तर पर इसकी तैयारी की गई है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कार्यकर्ताओं को साधेंगे। बुधवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह, पार्टी जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, …

मुरादाबाद,अमृत विचार। जन विश्वास सभा में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का मुरादाबाद जोरदार स्वागत करेगा। भीड़ प्रबंधन में पार्टी पदाधिकारियों ने कई स्तर पर मेहनत की है। बूथ स्तर पर इसकी तैयारी की गई है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी कार्यकर्ताओं को साधेंगे।

बुधवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह, पार्टी जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, शहर विधायक रितेश गुप्ता, विधान परिषद सदस्य डॉ.जयपाल सिंह व्यस्त, मेयर विनोद अग्रवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य गिरीश वर्मा, एससी एसटी आयोग की सदस्य गीता प्रधान, बाल संरक्षण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्र, महिला शाखा की महानगर अध्यक्ष विजय लक्ष्मी पंडित, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अरुण पंडित, महानगर अध्यक्ष अभिषेक चौबे सहित प्रमुख सदस्यों ने घर-घर संपर्क किया।

सभी ने कार्यकर्ताओं से सीधी बात की। सभा स्थल पर पहुंचकर पार्टी के चाणक्य की बात सुनने का आह्वान किया। उधर, सुरक्षा प्रबंधों को लेकर एसपी सिटी अखिलेश मदौरिया, विकास अधिकारी आनंद वर्धन, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, उप जिलाधिकारी सदर प्रशांत तिवारी सहित अधिकारियों ने रैली स्थल का जायजा लिया। गृहमंत्री की सुरक्षा को लेकर पहुंची टीम ने मंच की जांच पड़ताल की।

गृह मंत्री का मिनट- टू- मिनट
10:50 : प्रस्थान आईजीआई एयरपोर्ट नई दिल्ली से विशेष हेलिकॉप्टर
11:40 : आगमन हैलीपैड बुद्धि विहार ग्राउंड
11:45 : प्रस्थान हैलीपैड से सभा स्थल कार से
11:47: सभा स्थल आगमन
11:50: से 12:40 बजे तक जनसभा के लिये आरक्षित
12:43: हैलीपैड बुद्धिविहार ग्राउंड
12:45: बजे विशेष हैलीकॉप्टर से अलीगढ़ के लिये रवाना

टिकट के दावेदारों का लिटमस टेस्ट करेगी रैली
भाजपा के चुनावी चाणक्य और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदारों का आकलन करेंगे। वह जन विश्वास सभा के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। टिकट मांगने वालों की पकड़ का आकलन करेंगे। रैली में जिले के 16 सहित 26 मंडलों के कार्यकर्ताओं को हिस्सा लेना है। इसमें कार्यकर्ताओं को लाने की जिम्मेदारी बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र संयोजक को दी गई है। पार्टी ने विधानसभा वार व्यूह रचना की है। हर विधानसभा क्षेत्र में 50-50 बसों का प्रबंध किया है। जनसभा में विधानसभा वार कार्यकर्ताओं के बैठने का प्रबंध किया गया है। उधर, विधानसभा चुनाव में टिकट मांगने वालों के दावों की कई स्तर पर पड़ताल की जा रही है। पार्टी के वरिष्ठ इस रैली को टिकट मांगने वालों के परीक्षण का केंद्र मानते हैं। कहते हैं कि गृहमंत्री टिकट के दावेदारों की क्षेत्र में पकड़ और कार्यकर्ताओं से संबंध में की भी निगरानी करेंगे। यह सभा विधानसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास मानी जा रही है।

10वें पड़ाव पर बिलारी में रात्रि विश्राम करेगी जन विश्वास यात्रा
भाजपा की जन विश्वास यात्रा गुरुवार को जिले में रहेगी। यह यात्रा तीन विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। कुल 10 स्थानों पर इसका स्वागत किया जाएगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यात्रा के प्रभारी केके शुक्ला इसका नेतृत्व करेंगे। जिले की ओर से अंशुल गुप्ता और महानगर की ओर से विशाल त्यागी नेतृत्व देंगे। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका ने बताया कि सुबह 10 बजे कांठ विधानसभा क्षेत्र के लोधीपुर राजपूत तथा सुबह 10:30 पाकबड़ा के जीरो प्वाइंट पर यात्रा का स्वागत होगा। इसके बाद बुद्धिविहार में जनसभा के बाद गागन तिराहा तथा नानपुर में कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत निर्धारित है। जबकि कुंदरकी के गूलर तिराहा और नानपुर में पुष्प वर्षा होगी। क्षेत्र के पेट्रोल पंप पर कार्यकर्ता और आमजन द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। बिलारी के बाईपास तिराहा के भाई जी रिसोर्ट पर इस्कबाल होगा। यात्रा में शामिल लोग गांधी मूर्ति पर माल्यार्पण करेंगे। शाम के 6:35 बजे सिरोही बैंक्वेट हॉल में यात्रा विश्राम करेगी।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में हवाई पट्टी पर तैनात रहे अधिकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा के लिए मूंढापांडे हवाई पट‌्टी पर अधिकारी तैनात रहे। शाम करीब साढ़े छह बजे मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर मूंढापांडे हवाई पट्टी पर पहुंचा। करीब पांच मिनट यहां रुकने के बाद वह स्टेट प्लेन से लखनऊ के लिये रवाना हो गए। इस दौरान एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ हाइवे डॉ. गणेश कुमार गुप्ता, सीओ ठाकुरद्वारा डॉ. अनूप कुमार सिंह, एडीएम, नगर विधायक रितेश गुप्ता और मेयर विनोद अग्रवाल भी मौजूद रहे।

मुख्य रूप से यह लोग रहेंगे मौजूद
मंत्री भूपेंद्र सिंह, विजय पाल तोमर सदस्य राज्य सभा, कैप्टन अभिमन्यु, संजय भाटिया सांसद, सुरेंद्र नागर सांसद जिला प्रभारी, पूर्व सांसद सर्वेश कुमार सिंह, रितेश गुप्ता विधायक, राजेश कुमार चुन्नू विधायक, डा.जयपाल सिंह व्यस्त सदस्य विधान परिषद, मोहित बेनीवाल क्षेत्रीय अध्यक्ष, हरिओम शर्मा क्षेत्रीय महामंत्री, विनोद अग्रवाल महापौर आदि।

शाह और मौर्य की जनसभा के दौरान कड़ा पहरा, 500 पुलिसकर्मी और तीन कंपनी पीएसी तैनात
मुरादाबाद। गुरुवार को गृहमंत्री अमित शाह और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा के दौरान बुद्धि विहार में पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। जनसभा स्थल के आसपास पांच सौ से अधिक पुलिसकर्मी और तीन कंपनी पीएसी के जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और सघन चेकिंग के बाद ही लोगों को कार्यक्रम स्थल में जाने दिया जाएगा। भाजपा की जनविश्वास यात्रा 30 दिसंबर को मुरादाबाद पहुंचेगी। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुद्धि विहार में जनसभा को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री और उप मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं।

पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में तीन एएसपी, 12 डीएसपी, 20 थाना प्रभारी, 80 दरोगा के साथ ही करीब 500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा पीएसी की तीन कंपनी भी सुरक्षा में लगाई गई हैं। गृहमंत्री और उप मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए अभेद खाका तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल के आसपास चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी। इसके अलावा शहर में चेकिंग प्वाइंट भी निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर चेकिंग के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम स्थल पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड के साथ ही खुफिया विभाग की टीम भी लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया और पुलिस अधीक्षक यातायात अशोक कुमार ने सभी क्षेत्राधिकारियों के साथ वीवीआईपी के आगमन को लेकर बुधवार देर रात सुरक्षा में लगे पुलिसबल को ब्रीफ भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संबंधित समाचार