मुरादाबाद : जन विश्वास यात्रा में बोले अमित शाह, सपा-बसपा ने 15 सालों में कर दी थी पश्चिमी यूपी की हालत खराब
मुरादाबाद, अमृत विचार। सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार सेकेंड के मैदान में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जन विश्वास सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा की सरकार ने 15 साल राज किया, उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हालत खराब कर दी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सर्किट हाउस के पीछे बुद्धि विहार सेकेंड के मैदान में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जन विश्वास सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा की सरकार ने 15 साल राज किया, उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हालत खराब कर दी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पलायन होने लगे थे। आज पलायन करने वाले पलायन कर गए हैं, जनता को डरने की जरूरत नहीं है।
गृहमंत्री ने कहा कि मैं 4 दिन से उत्तर प्रदेश में घूम रहा हूं, ये मेरी 9वीं सभा है। जहां भी जाता हूं, ऐसा ही जनसैलाब दिखाई पड़ता है। ये जनसैलाब बताता है कि यूपी में फिर से भाजपा जीतने वाली है।
अमित शाह ने कहा कि मैं अखिलेश जी से पूछना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश की जनता आपसे हिसाब मांगती है कि आपके शासन में कितने दंगे हुए थे, लेकिन वो जवाब नहीं देते। मैं जवाब देता हूं अखिलेश बाबू के शासन में 700 दंगे हुए थे। ये मेरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश पूरा लहूलुहान करके रख दिया था। यहां पर समाजवादी पार्टी के एक नेता ने बलात्कार के बाद कहा था कि लड़कों से गलतियां हो जाती है। लेकिन माताओं की सुरक्षा और बहनों का सम्मान भाजपा का वचन है उत्तर प्रदेश की जनता को। किसी की हिम्मत नहीं है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में माताओं बहनों से छेड़खानी कर पाए।
अमित शाह ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश गन्ने का क्षेत्र है, लेकिन इनकों तो गन्ने का पता ही नहीं है,ये केवल जिन्ना जिन्ना करते रहते थे। इनके शासन काल में गन्ना किसानों को भुगतान नहीं होता था। भाजपा की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने 90% गन्ना किसानों का भुगतान किया।
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में एक नई प्रकार की प्रयोगशाला (LAB) बनाई थी।
सपा की LAB का मतलब है-
L- लूट
A- आतंकवाद
B- भ्रष्टाचार
उन्होंने कहा कि सपा वाले उत्तर प्रदेश का विकास ही नहीं कर सकते। बहन जी की तो अभी ठंड ही नहीं गयी है। अरे चुनाव आ गया है, बहन जी थोड़ा बाहर भी आ जाओ।
अमित शाह ने कहा कि सपा और बसपा उत्तर प्रदेश को फिर से एक बार जंगलराज की ओर ले जाएगी। जबकि योगी जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश में दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सबसे आगे निकला है। एक और 5 वर्ष दे दीजिए उत्तर प्रदेश देश का नंबर 1 राज्य बन जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के एक नेता ने बलात्कार पर कहा था कि लड़कों से गलतियां हो जाती हैं। जबकि भाजपा का वचन है माताओं की सुरक्षा और बहनों का सम्मान। अखिलेश बाबू के शासन काल में उत्तर प्रदेश में 700 दंगे हुए थे। चौधरी चरण सिंह का ये क्षेत्र पूरा लहूलुहान करके रख दिया था। जबसे योगी जी की सरकार बनी है, तबसे दंगा करने वालों की आंख उठाकर देखने की भी हिम्मत नहीं है।
जन विश्वास यात्रा : भगवामय हुईं जिले की सड़कें, जगह-जगह यात्रा का भव्य स्वागत
मुरादाबाद/पाकबड़ा। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले गृहमंत्री अमित शाह की जन विश्वास यात्रा कार्यकर्ताओं के लिए संजीवनी साबित हुई। इस यात्रा को लेकर गुरुवार को कार्यकर्ता जोश से लबरेज नजर आए। जिले की सड़कों पर भाजपा के झंडे के साथ ही भगवा भी लहराता नजर आया। उत्साहित कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ता….जो राम को लाया है हम उनको लाएंगे गीत की धुन पर झूमते हुए सभास्थल तक पहुंचे। इस गीत ने इस कदर धूम मचाई कि बार-बार सभास्थल पर इसको बजाने की मांग उठती रही।
वहीं चुनाव में टिकट की जुगाड़ में लगे दावेदार भी कार्यकर्ताओं जरिए शक्ति प्रदर्शन करने में नहीं चूके। दावेदारों ने मुरादाबाद पहुंची जन विश्वास यात्रा का जगह-जगह फूल-माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। यूपी में होने वाले चुनाव के मद्देनजर गृहमंत्री प्रदेश में जन विश्वास यात्रा निकाल रहे हैं। कई दिनों से चल रही यह यात्रा गुरुवार को मुरादाबाद पहुंचनी थी। बुद्धि विहार स्थित मैदान में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा जनसभा को संबोधित किए जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। लिहाजा यात्रा को लेकर कई दिनों से पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा जिले भर के जनप्रतिनिधि के अलावा टिकट के दावेदार भी अपनी तैयारियां कर रहे थे।
कोहरा और ठंड से भी कम नहीं हुआ कार्यकर्ताओं को उत्साह
गुरुवार को भीषण कोहरे के बाद भी कार्यकर्ताओं का जोश ठंडा नहीं हुआ। निर्धारित वक्त से पहले ही कार्यकर्ताओं की टोलियां जुलूस की शक्ल पर रामधुनों पर झूमते हुए सभास्थल की ओर रवाना होने लगी। जिले भर से आ रहे कार्यकर्ता कड़ाके की ठंड में भी जोश से लबरेज नजर आ रहे थे। वहीं अमरोहा के रास्ते मुरादाबाद आ रही इस यात्रा का भाजपाइयों ने जगह-जगह फूल माला पहनाकर स्वागत किया। कई प्वाइंटों पर हुए स्वागत समारोह में टिकट के दावेदार भी थे। गागन तिराहा, जीरो प्वाइंट और पाकबड़ा समेत कई स्थानों पर भाजपाइयों ने फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। वहीं जनसभा के समापन के बाद बिलारी जाते हुए जन विश्वास यात्रा कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नूरपुर से गुजरी। जहां पर भाजपा नेता राकेश सिंह ने तमाम कार्यकर्ताओं संग यात्रा का स्वागत किया। जेसीबी के जरिए यात्रा में शामिल केंद्रीय मंत्री विजयपाल सिंह तोमर को फूल-माला पहनाई। इस मौके पर बाल संरक्षण आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजयभान सिंह, ब्लाक प्रमुख मुरादाबाद मनीष सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अरुण पंडित के अलावा मयंक अग्रवाल, रचित गुप्ता, राहुल सिंह, आलोक ठाकुर और कुलदीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
