संभल : बोरे में मिला महिला का निर्वस्त्र शव, दुष्कर्म होने की आशंका, नहीं हुई शिनाख्त

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/कैलादेवी/अमृत विचार। मूसापुर ईसापुर क्षेत्र के जंगल में प्लास्टिक के कट्टे में गुरुवार सुबह खून से लथपथ महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के निर्वस्त्र होने से महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एएसपी का कहना है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को …

संभल/कैलादेवी/अमृत विचार। मूसापुर ईसापुर क्षेत्र के जंगल में प्लास्टिक के कट्टे में गुरुवार सुबह खून से लथपथ महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के निर्वस्त्र होने से महिला के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एएसपी का कहना है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की लेकिन घंटों बाद भी सफलता नहीं मिल सकी। उसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना कैलादेवी क्षेत्र के संभल गवां मार्ग से गांव मूसापुर ईसापुर को जाने वाले लिंक मार्ग के किनारे अब्दुल मजीद के खेत के पास प्लास्टिक के बंद कट्टे में महिला का शव मिला। बता दें कि सुबह के समय गांव निवासी नूर मोहम्मद पुत्र अब्दुल वाहिद घर से बस स्टैंड की तरफ पैदल जा रहा था। जैसे ही वह अब्दुल मजीद के खेत के पास पहुंचा तो उसे प्लास्टिक के कट्टे में किसी संदिग्ध वस्तु के होने का अंदेशा हुआ। उसने कट्टे को उलट कर देखा तो कट्टा नीचे से फटा था। कट्टे से महिला के बाल बाहर निकल रहे थे। नूर मोहम्मद ने उसे खोलकर देखा तो कट्टे में महिला का शव था। उसने गांव के लोगों को फोन से मामले की सूचना दी।

सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी ली। कुछ देर बाद कैला देवी थानाध्यक्ष संदीप कुमार और हयातनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सोलंकी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शिनाख्त करने के लिए शव को कट्टे से बाहर निकाला तो वह निर्वस्त्र था। मौके पर मौजूद लोग महिला की हत्या से पहले उसके साथ दुष्कर्म होने की आशंका जताने लगे। दो घंटे तक भी शव की शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव मूसापुर ईसापुर निवासी नूर मोहम्मद पुत्र अब्दुल वाहिद ने पुलिस को तहरीर दी है।

सिर पर किया है वजनदार वस्तु से हमला
ग्रामीणों व पुलिस के अनुसार महिला का सिर पूरी तरह से खून में लथपथ था। इस कारण किसी वजनदार वस्तु से महिला के सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला के चेहरे पर भी चोट के निशान मिले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार जायसवाल ने बताया कि पुलिस महिला की शिनाख्त करने में जुटी है। आसपास के थाना क्षेत्रों में भी महिला के बारे में सूचना भेज दी गई है ताकि उसकी पहचान हो सके।

संबंधित समाचार