मुरादाबाद : क्रॉसिंग पार करते समय ट्रैक में फंसा ग्रामीण का पैर, ट्रेन से कटकर मौत
मुरादाबाद/बिलारी, अमृत विचार। राजा का सहसपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग को पार करते समय ग्रामीण का पैर ट्रैक में फंस गया। इससे वह पटरी पर गिर गया। इसी बीच चंदौसी की ओर से आ रही मालगाड़ी ने उसे रौंद डाला। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। …
मुरादाबाद/बिलारी, अमृत विचार। राजा का सहसपुर स्थित रेलवे क्रॉसिंग को पार करते समय ग्रामीण का पैर ट्रैक में फंस गया। इससे वह पटरी पर गिर गया। इसी बीच चंदौसी की ओर से आ रही मालगाड़ी ने उसे रौंद डाला। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। मौके पर काफी भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना पर परिवार के लोग वहां पहुंचे तो कोहराम मच गया।
बिलारी के गांव असालतपुर निवासी 45 वर्षीय चंद्रभान पुत्र रघुराज सिंह अपराह्न तीन बजे राजा का सहसपुर रेलवे स्टेशन के पास किसी काम से आया था। वह रेलवे क्रॉसिंग को पार कर रहा था, इसी उसका पैर बीच रेल की पटरी में फंस गया। इससे वह पटरी पर जा गिरा। ठीक उस ही समय चंदौसी की ओर से धड़धड़ाती हुई मालगाड़ी उसके ऊपर से गुजर गई। इससे ग्रामीण के चीथड़े उड़ गए।
हादसा होता देख वहां मौजूद लोगों के कलेजे मुंह को आ गए। लोग दौड़ कर वहां पहुंचे। सूचना पर जीआरपी कर्मी भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए। उसकी पहचान कर उन्होंने उसके परिजनों को सूचित किया, जिस पर परिजन रोते-बिलखते वहां पहुंच गए। जीआरपी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी भूरी व बच्चों अंजलि, आकांक्षा व दीपांशु का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद भी सबक नहीं ले रहे लोग
रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय लोग अक्सर लापरवाही का बरतते हैं। क्रॉसिंग बंद होने पर भी वे जल्दबाजी में बैरियर के नीचे से वाहन लेकर ट्रैक को पार करते नजर आते हैं। पैदल राहगीर भी जल्दबाजी में अक्सर आ रही रेलगाड़ी को नजरंदाज कर ट्रैक को पार करते दिखाई देते हैं।
गुरुवार को ट्रैक में पैर फंसने के कारण ग्रामीण की ट्रेन से कट कर मौत हो जाने के बाद भी लोगों की यह लापरवाही बराबर जारी रही। एक तरफ ग्रामीण का शव ट्रैक पर पड़ा था, वहीं दूसरी ओर लोग लापरवाही से पटरियों को पार कर रहे थे।
