कोरोना से परेशान होने की जरूरत नहीं, हमारी तैयारी पूरी : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में स्थापित कोविड केयर फैसिलिटी सेंटर एवं ऑक्सीजन प्लांट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से अस्पताल की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर मीडिया …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजधानी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में स्थापित कोविड केयर फैसिलिटी सेंटर एवं ऑक्सीजन प्लांट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से अस्पताल की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सतर्कता व सावधानी की दृष्टि से कोविड नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वे यहां आये हैं। विशेषज्ञों द्वारा कोरोना की तीसरी लहर की बात कही जा रही है, इसकी दूसरी लहर की तुलना में यह कम खतरनाक होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है, हमारी पूरी तैयारी है। उन्होंने अपील की कि कोरोना के नाम पर भय व दहशत पैदा करने वाली अफवाहों पर ध्यान न दें। ‘दो गज दूरी, मास्क है जरूरी’ मंत्र के साथ कोविड प्रोटोकॉल का पूर्णता से पालन करें। उन्होंने कहा कि इस कोविड केयर फैसिलिटी सेंटर में सतर्कता की दृष्टि से एलएमओ प्लांट स्थापित किया गया है, जो सुचारु ढंग से संचालित है। यहां दो सौ बेड का डेडिकेटेड कोविड अस्पताल स्थापित है। प्रत्येक बेड पर लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई है। साथ ही, छह सौ ऑक्सीजन सिलेंडर स्टैंडबाई के रूप में उपलब्ध हैं। वर्तमान में एक भी मरीज यहां पर भर्ती नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में राजधानी में जितने भी कोविड संक्रमित मरीज पाये गये हैं, वह होम आइसोलेशन में हैं। उनकी स्थिति हल्की है। कोरोना के प्रति सतर्कता और सावधानी की दृष्टि से पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं। जन संवाद प्रणाली द्वारा लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
प्रदेश में आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्ट से प्रतिदिन औसतन दो लाख कोविड टेस्ट किये जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक देश में कोविड के सर्वाधिक 9.29 करोड़ से अधिक टेस्ट हुए हैं। प्रदेश में कोविड पॉजिटिविटी की दर 0.5 फीसदी से कम है। राज्य में टीकाकरण के अभियान को तीव्रता से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश में 20 करोड़ से अधिक वैक्सीन की डोज दी जा चुकी हैं, जो देश में सर्वाधिक है।
टीकाकरण अवश्य करायें : योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कह कि प्रदेश में सभी हेल्थ वर्कर्स, कोरोना वॉरियर्स और निगरानी समितियां सक्रिय हो चुकी हैं। प्रत्येक निगरानी समिति को मेडिकल किट उपलब्ध करायी जा चुकी है। निगरानी समितियां डोर टू डोर सर्वे करके संक्रमण की दृष्टि से संदिग्ध व्यक्ति का आरआरटी टीम द्वारा टेस्ट करा रही हैं। प्रदेश में कोविड के संक्रमण से युक्त व्यक्ति का टेस्ट कराकर लक्षण के अनुरूप होम आइसोलेशन या हॉस्पिटल में भर्ती किया जाएगा। इसकी पूरी तैयारी प्रदेश सरकार द्वारा की जा चुकी है। वे लोग जिन्होंने वैक्सीनेशन की पहली डोज ले ली है, वह दूसरी डोज अवश्य ले लें।
जिन्होंने वैक्सीनेशन नहीं कराया है, वह अवश्य वैक्सीनेशन करवा लें। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव सूचना एवं एमएसएमई नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद, सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, जिलाधिकारी लखनऊ अभिषेक प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: कॉलेज की जमीन बेचने वाले प्रबंधक पर दर्ज होगा मुकदमा, जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
