बरेली: जल्द ही गायब हो जाएंगे बाकरगंज में कूड़े के पहाड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में हजारों टन कूड़े निस्तारण के लिए नगर निगम की ओर से लगाए गए लीगेसी वेस्ट प्लांट का संचालन शुक्रवार से हो गया। एक दिन पहले गुरुवार को इस प्लांट को प्रारंभ करने का ट्रायल किया गया था। शुक्रवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद …

बरेली, अमृत विचार। बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में हजारों टन कूड़े निस्तारण के लिए नगर निगम की ओर से लगाए गए लीगेसी वेस्ट प्लांट का संचालन शुक्रवार से हो गया। एक दिन पहले गुरुवार को इस प्लांट को प्रारंभ करने का ट्रायल किया गया था। शुक्रवार को मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने नगर निगम के अधिकारियों और स्टाफ के साथ बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में पहुंचकर प्लांट की शुरुआत की। बाकरगंज में 20-25 साल से खड़े कूड़े के पहाड़ों के गायब होने का रास्ता साफ हो गया है।

नगर निगम का बाकरगंज में एक बड़ा ट्रंचिग ग्राउंड है। इस ग्राउंड में करीब तीन दशक से शहर कूड़ा डंप किया जाता है। कूड़े का निस्तारण न होने से ट्रंचिग ग्राउंड में कूड़े के ऊंचे-ऊंचे ढेर लग गए हैं जिससे भूमि का भी कोई इस्तेमाल नहीं हो रहा है। कूड़ा सालों पुराना हो गया है। नगर निगम अब इस कूड़े का निस्तारण करेगा। इसके लिए नगर निगम ने लीगेसी वेस्ट प्लांट लगाया है। नगर निगम ने इसके संचालन का कांट्रेक्ट ग्रीनस एनर्जी एंड सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक संस्था को दिया है।

इस प्लांट की मदद से पुराने कूड़े का न सिर्फ निस्तारण होगा, बल्कि उससे नगर निगम की आय भी बढ़ेगी। इस प्लांट की क्षमता 600 मीट्रिक टन प्रतिदिन की है जिससे लगभग पांच लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा। इस प्लांट की शुरुआत करते हुए मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि लंबे समय से बाकरगंज और उसके आसपास के इलाकों के लोग ट्रंचिंग ग्राउंड में कूड़ा प्रबंधन न होने के चलते प्रदूषण की दिक्कत झेल रहे थे लेकिन अब प्लांट शुरू होने के बाद शहर के लोगों को इससे निजात मिल जाएगा।

बता दें कि शहर में हर दिन करीब 450 कूड़े की लिफ्टिंग करके उसे बाकरगंज ट्रंचिंग ग्राउंड में डंप किया जाता है। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त सुनील यादव, अधिशासी अभियंता संजीव प्रधान सहित नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

2.40 करोड़ खर्च करके लगाया गया प्लांट
नगर निगम के अधिशासी अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि इस प्लांट को लगाने में करीब 2.40 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसमें करीब 70 लाख रुपये टीनशेड और बिल्डिंग बनाने में खर्च हुए हैं। जबकि मशीन लगाने में करीब 1.70 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण के साथ नगर निगम को कुछ आय भी होगी।

कूड़े का निस्तारण न होने से शहरवासियों को परेशानी हो रही थी। 30 साल में जो काम नहीं हुआ वो इस बार कर दिखाया है। नगरवासियों को नये साल में लीगेसी वेस्ट प्लांट से हजारों टन कूड़े से निजात मिल जाएगी। -डा.उमेश गौतम, मेयर

जनता के सहयोग से हमने लीगेसी वेस्ट प्लांट का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह प्लांट कूड़ा निस्तारण के लिए 20 से 22 घंटे चलेगा। रोजाना कूड़े के निस्तारण किया जाएगा। आगे चलकर इसकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त

संबंधित समाचार