डीजीसीए ने दी हरी झंडी, अब मुरादाबाद से जल्द ही शुरू हो जाएगी हवाई सेवा
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। नया साल लेकर आ रहा है सहूलियतें हजार। अब मुरादाबाद से हवाई सेवा जल्द ही शुरू होगी। जहाजों की उड़ान के लिए अनुमति मिल गई है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने लाइसेंस जारी कर दिया है। चार से पांच दिन के भीतर इसका अधिकार पत्र (लाइसेंस) जारी हो जाएगा। 10 …
आशुतोष मिश्र/अमृत विचार। नया साल लेकर आ रहा है सहूलियतें हजार। अब मुरादाबाद से हवाई सेवा जल्द ही शुरू होगी। जहाजों की उड़ान के लिए अनुमति मिल गई है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने लाइसेंस जारी कर दिया है। चार से पांच दिन के भीतर इसका अधिकार पत्र (लाइसेंस) जारी हो जाएगा। 10 जनवरी तक हवाई अड्डे का लोकार्पण संभव है।
हवाई अड्डा (भदासना मूंढापांडे) लंबे समय से इंतजार का विषय था। यह अड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर मुरादाबाद- रामपुर रोड पर है। राज्य सरकार ने साल 2014 में इस सेवा के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से पत्राचार किया था। दोनों के समझौते के बाद इस परियोजना को मंजूरी मिली थी। तब इस परियोजना की लागत 21 करोड़ रुपये आंकी गयी। जिसके के लिए 52 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया।
दो साल पहले यानी 2020 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस परियोजना की समीक्षा में जुटे थे। पीतल नगरी के लोग और कारोबारी इस सेवा से खुश है। कारोबारी क्षेत्र में यह सेवा बड़ी सहूलियत देने वाली है। यानी नया साल में मुरादाबादियों के लिए बड़ा उपहार लेकर आ रहा है। विभागीय मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने इस परियोजना को लेकर डेढ़ साल बड़ी घोषणा कर दी थी। लेकिन, विभागीय अड़चन की वजह से लोगों को इसका इंतजार करना पड़ा।
शहर विधायक रितेश गुप्ता का कहना है कि इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कई बार मुलाकात की। मुरादाबाद को इस सेवा की लंबे समय से प्रतीक्षा थी। वैश्विक पटल पर पीतलनगरी के नाम से इस शहर की अपनी पहचान है। हवाई जहाज की सेवा से निर्यात को पंख लगेंगे। दुनिया के अन्य देशों से कारोबारियों का आना-जाना
आसान होगा।
हवाई सेवा के स्टेशनों का निर्धारण सरकार को करना है। अभी प्रशासन को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। यह जरूर है कि एयरपोर्ट शुरू होने की तैयारी पूरी कर ली गयी है। 10 जनवरी तक अच्छी खबर मिल सकती है। देश स्तर पर सेवा मिलेगी।-सुरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)
लाइसेंसिंग की प्रक्रिया पूरी हो गयी है। डायरेक्टर आफ सिविल एविएशन के स्तर पर विभागीय औपचारिका पूरी कर ली गयी है। चार से पांच दिन के भीतर हमें अनुमति पत्र मिलने की संभावना है। उसके बाद दो से चार दिन में उड़ान शुरू हो जाएगी।-संदीप कुमार, सहायक प्रबंधक एयरपोर्ट अथारिटी
