लखनऊ: नए साल के पहले दिन राजधानी की सड़कों पर लगा भीषण जाम
लखनऊ। नव वर्ष के पहले दिन पुराने शहर की सड़कों पर जाम लगा रहा। घंटाघर, छोटा और बड़ा इमामबाड़ा, गौतमबुद्ध पार्क में पिकनिक मनाने आए शहरवासियों की वजह से क्लार्क अवध से लेकर छोटे इमाबाड़े तक करीब 5.5 किलोमीटर की दूरी भीड़ और जाम की वजह से लोगों को 50 से 55 मिनट में पूरी …
लखनऊ। नव वर्ष के पहले दिन पुराने शहर की सड़कों पर जाम लगा रहा। घंटाघर, छोटा और बड़ा इमामबाड़ा, गौतमबुद्ध पार्क में पिकनिक मनाने आए शहरवासियों की वजह से क्लार्क अवध से लेकर छोटे इमाबाड़े तक करीब 5.5 किलोमीटर की दूरी भीड़ और जाम की वजह से लोगों को 50 से 55 मिनट में पूरी करनी पड़ी। इस दौरान चौराहों पर तैनात यातायात पुलिस के जवान दोनों तरफ से आवागमन को सामान्य कराने की मशक्कत में जुटे रहे, इसके बावजूद देर शाम तक जाम की स्थिति बनी रही।
नए साल के अपने अंदाज में मनाने के लिए शनिवार को राजधानीवासियों ने कोरोना संक्रमण के खतरे को नजरंदाज कर दिन में खूब मौज मस्ती की। शुक्रवार रात को नाइट कफ्यू की वजह से न्यू इयर इव सेलिब्रेट न मना पाने की कमी लोगों ने शनिवार को परिवार के साथ पार्कों, रिवरफ्रंट पर जाकर पूरी की। एक साथ सैकड़ों लोगों की भीड़ के सड़क पर उतरने की वजह से सुबह दस बजे से ही रेजीडेंसी, शहीद स्मारक, गौतम बुद्ध पार्क, गुलाब पार्क, हाथी पार्क, नींबू पार्क, घंटाघर, बड़ा इमामबाड़ा, सतखंडा, पिक्चर गैलरी जैसे पुराने लखनऊ के पयर्टन स्थलों पर काफी भीड़भाड़ रही।
दस बजे तक गुनगुनी धूप ने पिकनिक का मजा और दोगुना कर दिया। दोपहर एक बजे तक पुराने शहर के सभी पार्क खचाखच भर गए और सड़कों पर भी भीड़ उमड़ पड़ी। जिसके कारण घंटाघर चौराहा, नींबू पार्क तिराहा, लाल पुल पर जाम लग गया। वाहन निकालने की हड़बड़ी और सड़कों पर वाहनों की पार्किंग की वजह से दोपहर बाद ही जाम की समस्या और ज्यादा विकराल हो गयी।
जाम में फंसी एंबुलेंस
रेजीडेंसी की तरफ से मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर शनिवार को काफी देर तक एक एंबुलेंस फंसी रही। एंबुलेंस चालक मनोज ने बताया कि वह फैजाबाद मार्ग से मरीज को लेकर मेडिकल जा रहे हैं और करीब 45 मिनट से जाम में फंसे हुए हैं। इसी प्रकार मलिहाबाद से मरीज लेकर मेडिकल कॉलेज आ रही एक एंबुलेंस शाम पांच बजे के करीब बड़े इमामबाड़े के पास जाम में करीब एक घंटे तक फंसी रही।
पक्के पुल से परिर्वतन चौक तक निर्माण कार्य ने बढाई समस्या
पक्के पुल से परिवर्तन चौक तक जाने वाली सड़क पर नाले के निर्माण की वजह से सड़क वैसे ही संकरी हो गई है। जिसकी वजह से आम दिनों में ही वाहन करीब दो किलोमीटर इलाके में रेंगते हुए निकलते है। शनिवार को ज्यादा ट्रैफिक की वजह से यहां और ज्यादा जाम लगने लगा। जिसके चलते शाम तीन बजे से छह बजे तक करीब दो किलोमीटर का सफर करने में 30 से 40 मिनट का सफर लगा। वहीं इसी सड़क की विपरीत दशा में परिवर्तन चौक से पक्के पुल तक के रास्ते में क्षतिग्रस्त सड़क और रेजीडेंसी में आए पयर्टकों की वजह से वाहनों की कतार बढ़ती गई और जाम गहराता गया। पिकनिक मनाने आए लोगों की भीड़ के बीच आटो और ई रिक्शा चालकों की भीड़ ने भी जाम लगाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।
अवकाश के दिन भी अटल चौक पर लगा जाम
शनिवार को नव वर्ष अवकाश होने के बावजूद हजरतगंज के अटल चौक पर शाम को काफी देर तक जाम लगा रहा। सामान्य दिनों में शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शुमार अटल चौक पर जाम लगना बड़ी बात नहीं । लेकिन अवकाश के दौरान इस चौराहे पर जाम बहुत कम ही लगता है। लेकिन शनिवार को चिड़ियाघर घूमने आए पयर्टकों की वजह से इस चौराहे पर भी जाम लगा रहा।
रात में नाइट कफ्यू, दिन में मेला
कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच प्रशासन ने रात 11 बजे से नाइट कफ्यू लगा रखा है। इस वजह से रात में 10:30 बजे के बाद से ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा छा जाता है। शुक्रवार को नव वर्ष की पूर्व की संध्या पर प्रशासन की सख्ती की वजह रात में हुड़दंग नहीं हो सका। हालांकि शनिवार को कोरोना प्रोटोकॉल की राजधानीवासियों ने धज्जियां उड़ाईं। नए साल की खुशियां मनाने में लोगों ने न तो मास्क लगाया और न सोशल डिस्टेसिंग का ही पालन किया। प्रशासनिक अधिकारी भी इस मामले में नियमों का पालन कराने को लेकर सक्रिय नहीं रहे।
यह भी पढ़ें:-दिल्ली में फिर से दहशत बढ़ाता कोरोना, शनिवार को सामने आए 2,716 नए मामले, 21 मई के बाद सर्वाधिक
इन चौराहों पर लगा जाम
- पक्का पुल चौराहा,
- मेडिकल कॉलेज चौराहा
- लाल पुल चौराहा
- गौतमबुद्धा पार्क
- कैसरबाग चौराहा
- रेजीडेंसी तिराहा,
- कोनेश्वर तिराहा
- चौक चौराहा
- नक्खास क्रासिंग
- सिटी स्टेशन क्रासिंग
- कैसरबाग बस अड्डा चौराहा
- हरदोई रोड पर दुबग्गा क्रासिंग
- लाल पुल क्रासिंग
- शनि मंदिर क्रासिंग
- नेशनल कॉलेज तिराहा
