बरेली: पॉलिसी के नाम पर सपा नेता के भाई के खाते से उड़ाए 19 हजार
बरेली, अमृत विचार। पत्नी के नाम से चल रही पॉलिसी की रकम वापस करने के नाम पर साइबर ठग ने सपा नेता के भाई के खाते से हजारों रुपये उड़ा लिए। पुलिस से शिकायत करने की धमकी पर जालसाज ने फोन कर रकम वापस करने की बात कही, लेकिन साइबर ठग के झांसे में न …
बरेली, अमृत विचार। पत्नी के नाम से चल रही पॉलिसी की रकम वापस करने के नाम पर साइबर ठग ने सपा नेता के भाई के खाते से हजारों रुपये उड़ा लिए। पुलिस से शिकायत करने की धमकी पर जालसाज ने फोन कर रकम वापस करने की बात कही, लेकिन साइबर ठग के झांसे में न आते हुए सपा नेता ने भाई के साथ पहुंचकर एसएसपी से मामले की शिकायत की।
कैंट थाना क्षेत्र के बभिया गांव के इंजीनियर अतुल पाराशरी सपा के प्रबुद्ध सभा संगठन के जिलाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि उनके भाई गौरव पाराशरी किराना दुकान चलाते हैं। 30 दिसंबर को गौरव के पास एक साइबर ठग का फोन पहुंचा। उसने खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताया। साथ ही गौरव की पत्नी के नाम से चल रही बीमा पॉलिसी की रकम वापस करने का झांसा दिया। इस दौरान उसने उनके फोन-पे की जानकारी ले ली। इसके बाद 9 हजार रुपये का मैसेज भेजकर ओटीपी पूछ लिया।

किराना व्यापारी द्वारा ओटीपी बताते ही उनके खाते से 9 हजार पांच सौ रुपये जालसाज ने उड़ा लिए। रकम कटने की बात पर साइबर ठग ने खाते में कम धनराशि होने का बहाना बनाया। ज्यादा रकम खाते में डालने पर पूरा पैसा वापस होने की बात कही। इस पर किराना व्यापारी ने खाते में 10 हजार की रकम जमा करवा दी।
रुपये जमा होते ही खाते से 10 हजार भी जालसाज ने गायब कर लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही किराना व्यापारी ने भाई को जानकारी दी। शनिवार को सपा नेता ने भाई के साथ पहुंचकर एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से शिकायत की। उन्होंने रुपये वापस कराने व साइबर ठग के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
