बरेली: तीन करोड़ का ठेका, सड़क बनाने में सिर्फ डाली बजरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के ठेकेदारों की आए दिन कारस्तानी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला वार्ड-28 रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में सामने आया है। यहां एक फर्म ने करीब तीन करोड़ की लागत से एक सड़क के निर्माण का ठेका तो ले लिया लेकिन अब वह काम पूरा करने में …

बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के ठेकेदारों की आए दिन कारस्तानी सामने आ रही हैं। ऐसा ही एक मामला वार्ड-28 रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में सामने आया है। यहां एक फर्म ने करीब तीन करोड़ की लागत से एक सड़क के निर्माण का ठेका तो ले लिया लेकिन अब वह काम पूरा करने में हाथ खड़े कर रही है।

स्थानीय पार्षद की ओर से कई बार शिकायत और नगर निगम के निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिस के बावजूद ठेकेदार ने अब तक काम पूरा नहीं कराया है। सड़क निर्माण के नाम पर केवल पत्थर बिछाकर छोड़ दिए जाने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। नगर निगम ने लापरवाही बरतने वाली फर्म का न तो कांट्रेक्ट निरस्त किया है और न ही उसको ब्लैक लिस्ट किया है।

मिनी बाईपास पर रहपुरा चौधरी के मठ लक्ष्मीपुर में वर्ष 2020 में मुख्य सड़क से बीडीए कॉलोनी तक करीब तीन करोड़ की लागत से एक किलोमीटर सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई। पहले यह रोड कच्ची होने की वजह से आसपास की तमाम इलाकों के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। नगर निगम ने अपने फंड से इस रोड के निर्माण को स्वीकृति देते हुए शर्मा कंस्ट्रक्शन नाम की एक फर्म को रोड बनाने का जिम्मा सौंपा। जबकि ठेका लेने वाली इस फर्म की लापरवाही यह यह नतीजा है कि वह दो साल में एक किलोमीटर रोड का निर्माण नहीं कर सकी है।

रोड निर्माण के नाम पर केवल बजरी डाल दी गई है और नाले का निर्माण कराया गया है। बाकी डामरीकरण सहित दूसरे कई काम अब तक पूरे नहीं कराए गए हैं। स्थानीय पार्षद आशिफ अहमद ने कांट्रेक्टर की शिकायत कई बार नगर निगम के इंजीनियरों से की लेकिन उन्हें केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। ठेकेदार पर शिकंजा न कसने से तीन करोड़ की रोड का निर्माण पूरा नहीं हो रहा है। पत्थर की बजरी पड़ी होने से लोगों का निकलना दूभर हो गया है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार को नोटिस दिया जा चुका है। जल्द रोड न बनी तो ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।

अधूरा नाला बना मुसीबत, सड़क बनाने के दौरान हो गया था ध्वस्त
मठ लक्ष्मीपुर में सड़क व नाले के निर्माण का ठेका लेने वाली फर्म की एक लापरवाही यह भी सामने आई है कि सड़क पर बजरी बिछाने के दौरान नाले का कुछ नवनिर्मित हिस्सा टूट गया था। इसके अलावा नाले का अब तक निर्माण पूरा नहीं कराया जा सका है। ऐसे में यह प्रोजेक्ट और भी विलंब होता जा रहा है।

खंभे व ट्रांसफार्मर भी नहीं कराए गए शिफ्ट
इस सड़क को बनाने के लिए रास्ते में आ रहे पांच बिजली के खंभों और दो ट्रांसफार्मरों को भी शिफ्ट कराया जाना है। बताते हैं कि इसके लिए करीब 19 लाख रुपये जमा भी किया जा चुका है लेकिन रास्ते से खंभे और ट्रांसफार्मर न हटाने से भी रोड का काम नहीं हो रहा है। नगर निगम के एक इंजीनियर ने बताया कि पावर कारपोरेशन ये काम नहीं कर रहा और ठेका लेने वाली फर्म की ओर से इसकी कोई लिखित शिकायत भी न करने से कोई एक्शन नहीं लिया जा पा रहा है।

मेरे वार्ड में आने वाली मठ लक्ष्मीपुर से बीडीए कॉलोनी रोड का निर्माण में लापरवाही हो रही है। ठेकेदार ने नाला भी तोड़ दिया था। यह काम अब तक न पूरा होने से स्थानीय जनता को काफी परेशानी हो रही है। -शकील अहमद, पार्षद रहपुरा चौधरी

इस सड़क का काम समय से पूरा नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा कई और भी गड़बड़ियां होने से ठेका लेने वाली फर्म को नोटिस भी जारी किया जा चुका है। जल्द ही रोड न बनी तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। -संजीव प्रधान, अधिशासी अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार