अयोध्या: सहारा ग्रुप के चेयरमैन सुब्रत राय व उनकी पत्नी समेत 17 पर दर्ज हुआ एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। सहारा इंडिया ग्रुप के चेयरमैन सुब्रत राय की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में एक अधिवक्ता की तहरीर पर सुब्रत राय व उनकी पत्नी सहित डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ इनायत नगर पुलिस ने धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। अधिवक्ता का आरोप है कि …

अयोध्या। सहारा इंडिया ग्रुप के चेयरमैन सुब्रत राय की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में एक अधिवक्ता की तहरीर पर सुब्रत राय व उनकी पत्नी सहित डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ इनायत नगर पुलिस ने धोखाधड़ी की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। अधिवक्ता का आरोप है कि उनका कंपनी में जमा 21.71 लाख रुपए का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

इनायतनगर थाना क्षेत्र स्थित कहुआ गांव निवासी अधिवक्ता विश्वनाथ मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पिता स्व. विष्णु दत्त मिश्रा ने इनायत नगर बाजार स्थित सहारा इंडिया कार्यालय में पैसा निवेश किया था, लेकिन उनकी बीते 14 सितंबर 2019 को लोहिया संस्थान लखनऊ में हृदयाघात के इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद सहारा इंडिया ग्रुप कंपनी में जमा किए गए धन राशि का भुगतान कंपनी द्वारा नामिनी को दिया जाना था, लेकिन कंपनी के अधिकारियों द्वारा भुगतान नहीं किया गया।

सहारा ग्रुप के रीजनल मैनेजर अनुराग गुप्ता व इनायतनगर स्थित सहारा इंडिया ग्रुप की फ्रेंचाइजी गार्जियन मुफीद खान ने बीते सितंबर 2021 तक समस्त धनराशि का भुगतान कर दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया था। इसके बावजूद नहीं किया गया। पुलिस ने हाईप्रोफाइल मामला होने के चलते केस नहीं दर्ज किया था। अंत में पीड़ित अधिवक्ता ने न्यायालय की शरण ली। एसीजेएम अयोध्या ने प्रकरण में तत्काल प्राथमिकी दर्ज किए जाने के आदेश इनायत नगर पुलिस को दिए।

इन लोगों पर दर्ज हुआ है केस

इनायत नगर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने सहारा इंडिया ग्रुप के चेयरमैन सुब्रत राय व उनकी पत्नी स्वप्ना राय, वाइस चेयरमैन ओम प्रकाश श्रीवास्तव, कंपनी के 6 डायरेक्टर जिया कादरी, आलोक कुमार सिंह, नीरज कुमार पाल, वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, प्रशांत कुमार वर्मा, करुणेश अवस्थी व चेयरमैन देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीमा, मानसिंह, संजय अरोरा, नवलेंदु झा, शैलेंद्र किशोर, अनुराग गुप्ता, दिनेश जायसवाल व मुफीद खान फ्रेंचाइजी शाखा इनायत नगर के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकरण में एफआईआर दर्ज करने के उपरांत छानबीन शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें:-मुरादाबाद: अपहरण की घटना को पुलिस ने 36 घंटे में सुलझाया, पीड़ित व्यक्ति को सुरक्षित बरामद किया

संबंधित समाचार