बिजनौर : वन रेंज में बीमार हाथी मिलने से हड़कंप, शुरू किया इलाज
बिजनौर/रेहड़, अमृत विचार। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन क्षेत्र में एक बीमार हाथी मिलने से वनकर्मियों में हड़कंप मच गया। वनकर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये। बीमार हाथी का उपचार शुरू करा दिया गया है। उधर, एक माह पूर्व भी एक हाथी की आपसी …
बिजनौर/रेहड़, अमृत विचार। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन क्षेत्र में एक बीमार हाथी मिलने से वनकर्मियों में हड़कंप मच गया। वनकर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर वन विभाग के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये।
बीमार हाथी का उपचार शुरू करा दिया गया है। उधर, एक माह पूर्व भी एक हाथी की आपसी संघर्ष में मौत हो गई थी। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज में गश्त के दौरान वनकर्मियों के गश्ती दल को रेंज के कंपार्टमेंट 21 में बीमार हाथी पड़ा मिला। बीमार अवस्था में हाथी मिलने की सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई।
घटना की सूचना मिलने वन संरक्षक मुरादाबाद विजय सिंह, प्रभागीय वन निदेशक डा.अनिल कुमार पटेल, उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ हरि सिंह मौके पर पहुंचे और पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा हाथी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि हाथी की उम्र लगभग 14 वर्ष है।
बीमार हाथी का उपचार पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा कराया जा रहा है। साथ ही हाथी की देखभाल के लिये स्टाफ की टीम को वहां छोड़ दिया गया है। बताया जाता है कि हाथी के उपचार के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व से पशु चिकित्सक दक्ष गंगवार को भी यहां बुलाया गया है।
