भाजपा भारत माता की पार्टी है : स्वतंत्र देव सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। रविवार को रेउसा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की मूर्ति अनावरण समारोह में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा भारत माता की पार्टी है। इतना ही नहीं लाल टोपी वाले गुंडे होते है, कह कर उन्होंने सपा पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कह रहे …

सीतापुर। रविवार को रेउसा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की मूर्ति अनावरण समारोह में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा भारत माता की पार्टी है। इतना ही नहीं लाल टोपी वाले गुंडे होते है, कह कर उन्होंने सपा पर खुलकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कह रहे हैं कि मैं आ रहा हूं, जनता उनसे पूछ रही है क्या करने आ रहे हो? क्या गरीबों पर बुलडोज़र चलाने आ रहे हो? जब तक सपा की सरकार थी तब तक यूपी में माफिया का राज था। न गरीबों को गैस कनेक्शन दिया गया न ही आवास, न अन्य कोई विकास की योजना।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा भारत माता की पार्टी है। कांग्रेस के पंजे और सपा की साइकिल के निशान पर लक्ष्मी नहीं रहती है, माता लक्ष्मी का वास होता है कमल के फूल पर। सेवता विधायक के द्वारा आयोजित भव्य जनसभा में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा ने राम मंदिर बनवाया है, इसलिए जनता जान चुकी है कि भाजपा ही हिंदुओं की पार्टी है और भाजपा सरकार में ही हिंदुस्तान सुरक्षित है। रेउसा की जनसभा में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 की तर्ज पर ही भाजपा की लहर चल रही है। साफ नीयत, कानून के शासन और सही विकास के सामने सपा-बसपा और कांग्रेस का छलावा टिक नहीं पाएगा।

जनता के मन और मत की दिशा स्पष्ट है। सब का साथ मिला है, सबका विकास होगा। विकास से हम सबका विश्वास जीत पाए। सब के प्रयास से एक श्रेष्ठ भारत का सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि सपा-बसपा की सरकारों ने सड़क बनाने के नाम पर एक भी ईंट नहीं रखी, बस अपने परिवार की जेबें गर्म कीं। 2017 के बाद से बड़े-बड़े एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं, बिजली अब 24 घंटे मिल रही है, कोई भी गुंडा बदमाश योगी सरकार में बेटियों से छेड़खानी की हिम्मत नहीं जुटा सकता है। जब बिजली का बिल आता था तब लोगों को झटका लगता था। 2017 में तब हमने नारा दिया था न भ्रष्टाचार न गुंडाराज। आपने हमे पूर्ण बहुमत दिया।

उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई एक पैसे के घोटाले का आरोप नहीं लग सकता। प्रदेश अध्यक्ष ने सपा मुखिया के योगी अनुपयोगी हैं के बयान पर कहा कि माफिया मुख्तार को सलाखों के पीछे भेजना, आजम खां को जेल में बंद करना क्या अनुपयोगी है। इससे पूर्व ज्ञान तिवारी के नेतृत्व में हजारों लोगों ने उनका स्वागत किया।

‘देश की चिंता मोदी पर और प्रदेश की चिंता छोड़ दें योगी पर’

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अपने बेटे-बेटी से कभी गुटखा न मंगवाएं, माँ-बहन-बेटी-पत्नी पर कभी हाथ न उठाएं और अपने माता-पिता के पैर जरूर रोज शाम को दबाएं। शाम को जूस पीकर घर आये और कुछ नही पीकर आये जनसभा में आए लोगों को आश्वस्त करते हुए सिंह ने कहा कि देश की चिंता मोदी जी पर और उत्तर प्रदेश की चिंता योगी जी पर छोड़ दें और सेवता विधानसभा की चिंता ज्ञान तिवारी छोड़ दे।

ज्ञान ने महत्वपूर्ण काम किया

प्रदेश अध्यक्ष भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम से गदगद दिखे उन्होंने कहा विधायक ज्ञान तिवारी ने महत्वपूर्ण काम किया है ज्ञान तिवारी कार्यकर्ता है वह जिला अध्यक्ष रहे हैं वह संगठन की रीति नीति जानते हैं उन्होंने कहा अटल बिहारी बाजपेई का राष्ट्र के प्रति समर्पण कभी भुलाया नहीं जा सकता उनका गौरवशाली कार्यकाल युगो युगो तक याद रहेगा उन्होंने इस कार्य के लिए विधायक ज्ञान तिवारी की जमकर तारीफ की।

वरिष्ठ जनों का हुआ सम्मान

विधायक ज्ञान तिवारी द्वारा आयोजित जनसभा में 96 साल के वर्ष 1991 में बेहटा विधानसभा से जीते जो अब सेवता हो गई है पूर्व विधायक किशोरी लाल शुक्ला का सम्मान किया गया। इसके साथ ही अवध क्षेत्र के पूर्व भाजपा अध्यक्ष व पूर्व सांसद जनार्दन प्रसाद मिश्र का भी सम्मान किया गया। इस समारोह में रमेश बाजपेई सीता इंटर कॉलेज का भी सम्मान किया गया।

इसके साथ ही विधायक ने समारोह में अपने साथी विधायक रामकृष्ण भार्गव, सुनील वर्मा, सुरेश राही, महेंद्र यादव, पूर्व मंत्री राम हेत भारती, पूर्व विधायक अजीत मल्होत्रा, रामपाल यादव, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष उमाकांत मिश्रा, राकेश त्रिपाठी, जिला अध्यक्ष अचिन मल्होत्रा, पूर्व प्रत्याशी कृष्ण कुमार त्रिवेदी,रामपाल मौर्य जिला पंचायत सदस्य बसंत लोधी, लोकेश मिश्रा प्रवासी महेंद्र पटेल व किसान मोर्चा के रामबाबू द्विवेदी, सतनाम सिंह आदि पदाधिकारियों का भी स्वागत व सम्मान किया गया।

नौ करोड़ की लागत से विधायक ज्ञान तिवारी ने रेउसा चौराहे को अटल चौक के रूप में विकसित कर यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की मूर्ति लगाने का काम किया है। समारोह में आए प्रदेश अध्यक्ष सबसे पहले विधायक आवास पर बने हेलीपैड पर उतरे यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष अटल चौक पर आए यहां उन्होंने भारत रत्न की प्रतिमा का अनावरण किया इसके बाद अटल चौक पर मैदान में स्थित जनसभा को संबोधित किया।

रातों रात बदलवाया गया शिलापट्ट पर नाम

विधायक ज्ञान तिवारी के कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आने की चर्चाएं थीं। कार्यक्रम आयोजकों द्वारा यही बताया जा रहा था, लेकिन डिप्टी सीएम कार्यक्रम में नहीं आए। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं गर्म हैं। कहा जा रहा है कि जब डिप्टी सीएम का कार्यक्रम नहीं बना तो दो जनवरी को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव् सिंह द्वारा प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम सुनिश्चित हुआ। सूत्र बताते हैं कि प्रतिमा अनावरण के लिए तैयार शिलापट्ट में रातोंरात केशव प्रसाद मौर्य के स्थान पर स्वतंत्र देव सिंह का नाम अंकित कराया गया। इसके अलावा कार्यक्रम में लगी होर्डिंग बैनर में क्षेत्रीय सांसद का फोटो नहीं दिखा और न ही वह कार्यक्रम में पहुंचे। जिला प्रभारी मंत्री स्वाति सिंह का चित्र भी किसी होर्डिंग्स बैनर में नहीं दिखा, जिसको लेकर लोग कई तरह के कयास लगा रहे हैं।

चप्पे-चप्पे पर था पहरा, फिर भी कट गई लोगों के जेबें

रेउसा में अटल चौक अनावरण कार्यक्रम में भारी पुलिस बल मौजूद रहा, लेकिन इसके बाद भी वहां चोरों की बल्ले बल्ले रही। करीब आधा दर्जन ग्रामीणों को चोर, उचक्कों ने पर्स गायब कर दिया। कार्यक्रम के बाद जब लोगों ने ध्यान दिया तो उनकी जेबे साफ हो चुकी थीं।

यह भी पढ़ें:-यूपी चुनाव 2022: मतदाताओं को रिझाने की होड़ में बड़े-बड़े वादों की दौड़

संबंधित समाचार