बरेली: पेंटर ने जान देने का प्रयास किया
बरेली, अमृत विचार। पत्नी व सास से फोन पर तकरार होने के बाद एक पेंटर ने फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की। छोटे भाई ने उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी अजयपाल पेंटर हैं। वह घर के निचले हिस्से में तो परिवार …
बरेली, अमृत विचार। पत्नी व सास से फोन पर तकरार होने के बाद एक पेंटर ने फंदे से लटककर जान देने की कोशिश की। छोटे भाई ने उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी अजयपाल पेंटर हैं। वह घर के निचले हिस्से में तो परिवार के अन्य सदस्य ऊपरी मंजिल पर रहते हैं। उनके पिता गंगाराम ने बताया कि अजयपाल की शादी बहेड़ी क्षेत्र की एक युवती के साथ करीब सात साल पहले हुई थी। लगभग एक माह पहले बाजार से सब्जी लाने व उधार लिए रुपये चुकाने की बात पर दंपत्ति में मारपीट हो गई थी। इस पर अजयपाल के ससुराली उसकी पत्नी को लेकर चले गए थे। अजयपाल की तीन वर्षीय बेटी भी है।
वह मां के साथ ननिहाल में है। कुछ दिनों से अजयपाल बेटी से बात करने के लिए फोन कर रहे थे। आरोप है कि पत्नी न तो खुद और न ही बेटी से उनकी बात करा रही थी। रविवार शाम अजयपाल श्यामगंज बाजार से पुट्टी खरीदकर घर लौट रहे थे। तभी फोन पर उनका सास व पत्नी से झगड़ा हो गया। जब वह घर पहुंचे तो शराब के नशे में थे। करीब 8 बजे उन्होंने फंदे से लटककर जान देने का प्रयास किया। अजयपाल के छोटे भाई दिलीप की गुसाईं गौटिया में सिलाई की दुकान है। शाम को जब वह दुकान बंद कर घर पहुंचे तो अजयपाल को फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में उन्होंने भाई को फंदे से उतारा। तुरंत उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
