बरेली: तालाब पर भूमाफिया की नजर, निगम ने बनाया साइट ऑफिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। डेलापीर तालाब को भूमाफिया से बचाने के लिए नगर निगम ने सूखे तालाब के बीच साइट ऑफिस बना लिया है। इसमें स्टाफ रहकर हर वक्त तालाब की जमीन की निगरानी करेगा। अभी कुछ दिन पहले भूमाफिया ने रातोंरात यहां 200-250 ट्रॉलियां अवैध खनन करके लाई गईं मिट्टी से पटान कर तालाब की …

बरेली, अमृत विचार। डेलापीर तालाब को भूमाफिया से बचाने के लिए नगर निगम ने सूखे तालाब के बीच साइट ऑफिस बना लिया है। इसमें स्टाफ रहकर हर वक्त तालाब की जमीन की निगरानी करेगा। अभी कुछ दिन पहले भूमाफिया ने रातोंरात यहां 200-250 ट्रॉलियां अवैध खनन करके लाई गईं मिट्टी से पटान कर तालाब की जमीन पर कब्जे की कोशिश की थी। भूमाफिया कहीं दोबारा ऐसी हरकत न करें, इसे रोकने के लिए नगर निगम ने यह कदम उठाया है। इसके अलावा तालाब के कायाकल्प का काम भी तेज करा दिया गया है।

डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए नगर निगम प्रशासन 15वें वित्त आयोग से करीब दो करोड़ रुपये खर्च कर रहा है लेकिन इन दिनों तालाब की सिल्ट सफाई का काम चल रहा है। इस बीच पिछले महीने भूमाफिया ने तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की थी। यहां कुछ लोगों ने योजना के तहत करीब दो-ढाई सौ ट्राली से अधिक मिट्टी डालकर तालाब पर कब्जा करने की कोशिश की है। हालांकि इसकी जानकारी लगते ही नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध पटान को रुकवाते हुए अवैध तरीके से डाली गई मिट्टी को तत्काल हटवा दिया गया था।

ऐसा फिर न हो जाए, इसके लिए नगर निगम ने एहतियातन कदम उठाए हैं। तालाब के अंदर कीचड़ और सिल्ट हटाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। सूखे तालाब की जमीन पर नगर निगम ने टीनशेड डालकर साइट ऑफिस बनवा दिया है ताकि इसमें नगर निगम के स्टाफ के साथ सुरक्षा कर्मी निगरानी के लिए हर वक्त मौजूद रहें। तालाब की भूमि पर दोबारा कब्जे का प्रयास न हो। इस मामले को लेकर नगर निगम प्रशासन ने एक कारोबारी के खिलाफ तत्काल ही रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।

खनन विभाग ने दिया संरक्षण, अवैध खनन में कार्रवाई नहीं
डेलापीर तालाब में अवैध खनन कर बड़ी संख्या में ट्रॉलियां भर-भरकर डाली गई मिट्टी के मामले की जांच के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ खनन अधिकारी लालता प्रसाद भी मौके पर पहुंचे थे। इतनी बड़ी मात्रा में रातोंरात मिट्टी को अवैध खनन करके कहां से लाया गया और इसे समय रहते क्यों नहीं रोका गया? इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं लेकिन इस घटना के कई हफ्ते गुजर जाने के बावजूद खनन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। इतना जरूर है कि कार्रवाई के नाम पर केवल नोटिस जारी कर दिया गया। उस पर भी अब तक कोई जवाब न मिलने के बावजूद अवैध खनन कर्ता की ओर से नहीं दिया गया है।

वर्जन–
डेलापीर तालाब के सौंदर्यीकरण का काम चल रहा है। तालाब की जमीन पर दोबारा कब्जे की घटना को रोकने और निगरानी बरतने के लिए यहां साइट आफिस बना दिया गया है।   –संजीव प्रधान, अधिशासी अभियंता, नगर निगम

संबंधित समाचार