बरेली: स्मार्ट सिटी के कामों में देरी कर रहे ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के कामों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सख्ती बढ़ती जा रही है। सोमवार को बरेली स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद ने स्मार्ट सिटी की परियोजना को लेकर समीक्षा की और निर्माण कार्यों में देरी कर रहे ठेकेदारों की निगरानी करने और अपेक्षित नतीजा न मिलने पर उनके …
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी परियोजना के कामों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सख्ती बढ़ती जा रही है। सोमवार को बरेली स्मार्ट सिटी के सीईओ अभिषेक आनंद ने स्मार्ट सिटी की परियोजना को लेकर समीक्षा की और निर्माण कार्यों में देरी कर रहे ठेकेदारों की निगरानी करने और अपेक्षित नतीजा न मिलने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बताया कि स्मार्ट सिटी की कामों की नियमित रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
शासन ने स्मार्ट सिटी से होने वाले कामों की रिपोर्ट तलब करने के साथ ही अब लटकी परियोजनाओं को युद्धस्तर पर पूरा करने की कोशिश शुरू कर दी गई है। हालांकि बरेली स्मार्ट सिटी के काम भी शहर में दिखाई देने शुरू हो गए हैं लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में काम के वर्कऑर्डर तो जारी हो गए हैं लेकिन वे अभी पाइप लाइन में ही हैं। अब ऐसे कामों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। नगर निगम के आईसीसीसी के ऑफिस में सीईओ अभिषेक आनंद ने समीक्षा बैठक में वरिष्ठ महाप्रबंधक, सहायक अभियंता सहित अन्य अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
बैठक से पहले उन्होंने निर्माणाधीन भवन, स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्टों का निरीक्षण भी किया है। सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि स्मार्ट सिटी के कामों को हर हाल में जल्द से जल्द पूरा किया जाना है। इसके लिए वरिष्ठ महाप्रबंधक, सहायक अभियंता से निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग करके रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने काम में लापरवाही कर रहे ठेकेदारों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
इन परियोजनाओं को समय से पूरा करने की चुनौती
स्मार्ट सिटी में बड़ी संख्या में परियोजनाओं को समय से पूरा करने की चुनौती है। इसमें फुट ओवरब्रिज, संजय कम्युनिटी तालाब का सुधार, जीआईसी आडीटोरियम का सुधार, बरेली हाट का निर्माण, ट्यूबवेल आटोमेशन , सुभाषनगर ओवरब्रिज, बिजली लाइनों को भूमिगत करना, स्मार्ट हेल्थ सेंटर, मेजर रोड तीसरा चरण, पटेल चौक पर स्काई वॉक, कुतुबखाना राइफल क्लब का सुधार, मल्टीमीडिया लेजर फाउंटेन अक्षर विहार में, मल्टीलेवल मेकेनिकल कार पार्किंग, एलटी लाइन को भूमिकत करना, दूसरा व तीसरा चरण और इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम के प्रोजेक्ट पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इसमें ज्यादातर काम के टेंडर होने के साथ वे पाइप लाइन में हैं।
