मुरादाबाद: एक टन ई-कचरा भरा वाहन पकड़ा, दो सिपाही लाइन हाजिर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भोजपुर, अमृत विचार। पुलिस ने गश्त के दौरान पीपलसाना रेलवे स्टेशन रोड पर ई-कचरा लादकर ले जा रहे वाहन को पकड़ लिया। वाहन को सीज करने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो लोगों के खिलाफ ई-कचरा जलाकर वातावरण को प्रदूषित करने के आरोप में रिपोर्ट पंजीकृत की गई। उसके बाद …

भोजपुर, अमृत विचार। पुलिस ने गश्त के दौरान पीपलसाना रेलवे स्टेशन रोड पर ई-कचरा लादकर ले जा रहे वाहन को पकड़ लिया। वाहन को सीज करने के साथ ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो लोगों के खिलाफ ई-कचरा जलाकर वातावरण को प्रदूषित करने के आरोप में रिपोर्ट पंजीकृत की गई। उसके बाद आरोपी को थाने से ही जमानत देकर रिहा कर दिया।

ई-कचरा कारोबारी लगातार घरों एवं जंगलों में बड़ी मात्रा में ई-कचरा जलाकर वातावरण में जहर घोल रहे हैं। मंगलवार को तड़के तीन बजे पीपलसाना रेलवे स्टेशन रोड पर गश्त कर रहे उप निरीक्षक मेघपाल सिंह को तारा बिल्डिंग चौक दिशा से ओवरलोड वाहन आता दिखाई दिया। उन्होंने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को भगाने का प्रयास किया। लेकिन, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। इस दौरान अंधेरे का लाभ लेकर उसमें बैठा धंधेबाज फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इधर पुलिस ने वाहन में लदे बोरों को खोलकर देखा तो उसमें ई-कचरा भरा था। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम शाहिद रजा पुत्र शराफत बताने के साथ ही फरार धंधेबाज का नाम-पता भी बताया। पुलिस ने वाहन को सीज कर चालक और कारोबारी के खिलाफ रिपोर्ट पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।

लचर कार्रवाई का फायदा उठा रहे धंधेबाज
ई-कचरे के धंधे को जड़ से खत्म करने के लिए जिले के उच्चाधिकारी लगातार थाना पुलिस पर शिकंजा कस रहे हैं। उसके बाद भी अपेक्षाकृत परिणाम सामने नहीं आ पा रहे हैं। इसका कारण है पुलिस की लचर कार्रवाई। ई-कचरे का धंधा करने वाले रात में बड़े कंटेनरों में काफी मात्रा में ई-कचरा लादकर लाते हैं। उसके बाद वाहनों को आबादी से दूर खड़ा कर घनी आबादी में गोदामों और घरों में लाकर इसे जलाते हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई के नाम पर कुछ कचरे की बरामदगी दिखाकर आरोपियों को पकड़ती है। उसके बाद आरोपी को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया जाता है।

कप्तान ने दरोगा व दो आरक्षियों पर की कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने पेंटर, छात्र तथा सब्जी विक्रेता के साथ हुई लूट की घटना को छिपाने के मामले में सिरसवां दोराहा चौकी प्रभारी रमेश गिरि को लाइन हाजिर किया है। इसके अलावा ई-कचरा का धंधा करने वालों से संबंध रखने पर सिपाही दीक्षांत शर्मा और हिटलर पर भी लाइन हाजिर की कार्रवाई की गई है। कप्तान की गोपनीय जांच में दोनों सिपाहियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।

संबंधित समाचार