बरेली: इस्लाम के लिए मसलक के विवाद से ऊपर उठने की जरूरत
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने हरिद्वार में हुई धर्म संसद के खिलाफ 7 जनवरी को इस्लामियां मैदान में 20 हजार मुसलमानों के जुटने की बात कही है। जिसके बाद अब उन्हें गैर मसलकों से भी समर्थन मिलने लगा है। तहरीके मदारियत काउंसिल ने मौलाना के आह्वान पर 7 जनवरी को …
बरेली, अमृत विचार। आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने हरिद्वार में हुई धर्म संसद के खिलाफ 7 जनवरी को इस्लामियां मैदान में 20 हजार मुसलमानों के जुटने की बात कही है। जिसके बाद अब उन्हें गैर मसलकों से भी समर्थन मिलने लगा है। तहरीके मदारियत काउंसिल ने मौलाना के आह्वान पर 7 जनवरी को इस्लामिया मैदान में होने वाले कार्यक्रम को अपना समर्थन दिया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद इंतेखाब आलम ने बताया कि जहां भी इस्लाम पर आंच आएगी वह मसलकों की असमतिया भुलाकर आवाज उठाएंगे। मौलाना तौकीर रजा से इस्लामिया में होने वाले कार्यक्रम को लेकर बातचीत हुई है। वह अपने मसलक के लोगों से भी आह्वान कर रहे हैं कि मुसलमानों के खिलाफ आए दिन होने वाले बयानबाजी के खिलाफ खड़ा हुआ जाए। धर्म संसद में 20 लाख मुसलमानों के नरसंहार की बात कहने से पूरी कौम में आक्रोश है फिर चाहे वह किसी मसलक से जुड़ा हो। इसके खिलाफ उनका संगठन अब कानूनी लड़ाई की तैयारी भी कर रहा है।
दूसरी तरफ बज्म-ए-गौस-ए-आजम तंजीम के कार्यालय पर भी एक बैठक हुई जिसमें संगठन के पदाधिकारियों ने मौलाना तौकीर रजा खान का समर्थन करने का ऐलान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद रजा नूरी ने कहा कि जो कत्ल की धमकी दे रहे हैं उन्हे नहीं पता कि शहादत के लिए हम दुआ करते हैं। लिहाजा सिर पर कफन बांध कर इस्लामिया मैदान में पहुंचेंगे। बैठक में राष्ट्रीय सचिव तमहीद यूसुफजई पठान, मीडिया प्रभारी मोहम्मद मुस्तफा नूरी, मण्डल अध्यक्ष फैसल खान, जिलाध्यक्ष हाजी शोएब रजा, ताहिर मकसूद, फाजिल खान और तंजीम के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बिना किसी शोर शराबे के पहुंचें इस्लामिया
मंगलवार को आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खान ने एक बैठक की। जिसमें मौलाना ने कहा कि देश में अमन की खातिर हम संवैधानिक आधार पर इस्लामिया ग्राउंड में जमा होंगे। इस्लामिया ग्राउंड में आने वालों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि शांति के साथ बिना किसी नारे और शोर शराबे के दरूद शरीफ पढ़ते हुए इस्लामिया पहुंचें। बीच सड़क पर न चलें और बीमार, बुजुर्ग, महिलाओं को पहले रास्ता दें। आईएमसी मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि मौलाना ने अलग अलग टीमें बनाई हैं। पहली लिस्ट में डा. नफीस खान, नदीम खान मुनीर इदरीसी, फरहत खान, मकदूम बेग, अफजाल बेग, तमहीद युसुफजई, मुस्तफा नूरी, रुकसार रजा, सलीम खान, साजिद सकलैनी, आजम तहसीनी, अयूब कुरैशी, कामरान को शामिल किया दूसरी टीम का गठन बुधवार को किया जाएगा।
