बिजनौर : 2250 लीटर ईएनए मिश्रित शराब के साथ तीन गिरफ्तार
बिजनौर। स्वाट टीम व थाना कोतवाली पुलिस ने टैंकर व गाडियों में भरी 2250 लीटर ईएनए मिश्रित तीव्र अल्कोहल शराब, यूरिया और शराब बनाने के उपकरण सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि विधानसभा …
बिजनौर। स्वाट टीम व थाना कोतवाली पुलिस ने टैंकर व गाडियों में भरी 2250 लीटर ईएनए मिश्रित तीव्र अल्कोहल शराब, यूरिया और शराब बनाने के उपकरण सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में गुरुवार की रात को पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में स्वाट टीम व कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर चांदपुर रोड पर गंगा नहर की पटरी के किनारे ईएनए मिश्रित शराब बना रहे आरोपी मोहम्मद उमर पुत्र मकबूल निवासी किशनपुर मौलागढ़ थाना स्वार रामपुर, मुस्तफा पुत्र इब्राहिम व मो. जसीम पुत्र रईश निवासी पीपलसाना थाना भोजपुर मुरादाबाद को टैंकर में भरी 2000 लीटर ईएनए मिश्रित तीव्र अल्कोहल शराब, ईनोवा गाड़ी से 5 जरीकैन में 150 लीटर व कार में 2 जरीकैन में 100 लीटर शराब व सात किलो यूरिया व मिश्रण बनाने के उपकरण सहित गिरफ्तार कर लिया।
इस सम्बन्ध में थाना कोतवाली शहर में आबकारी अधिनियम में मो. उमर, मुस्तफा, मो. जसीम व रामसिंह सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें आरोपियों का सरगना रामसिंह सैनी पुत्र नरपत सैनी निवासी निवाड़ खास थाना भगतपुर मुरादाबाद जो हिस्ट्रीशीटर भी है अभी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह काशीपुर (उत्तराखण्ड) की आईजीएल कम्पनी में ईएनए का टैंकर चलाता है। जिसकी सप्लाई उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड, हरियाणा आदि राज्यों व काठमांडू नेपाल में की जाती है।
सप्लाई करते समय टैंकर में कुछ ईएनए बचा लेता है, बचे हुए ईएनए में यूरिया और पानी मिलाकर मिश्रित शराब तैयार कर इसको अपने साथी रामसिंह के माध्यम से जनपदों सप्लाई करता है। गुरुवार की रात्रि वह अपने साथियों के साथ मिलकर चांदपुर रोड पर गंगा नहर पटरी के किनारे बचे हुए ईएनए से अपमिश्रित शराब तैयार कर शराब तस्करों को सप्लाई करने की तैयारी कर रहे थे। तब तक पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस पर्दाफाश के लिए पूछताछ कर रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट के प्रभारी निरीक्षक धीरज सोलंकी, उप निरीक्षक जर्रार हुसैन, कांस्टेबल खालिद, रईस, बेताब जावला, मोनू , मोहित शर्मा, अरुण व थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम, उप निरीक्षक धर्मेन्द्र गिरि, जुगेन्द्र तेवतिया, कुशलपाल, विपिन कुमार, अनुज पवार, मनीष, सुनील मलिक आदि शामिल रहे।
