मुरादाबाद में कोरोना का कहर, एक दिन में 55 नये मरीज मिले, जांच में जुटीं टीमें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में शनिवार को 55 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इसमें हरथला रेलवे स्टेशन के समीप एक मैरिज हाल के चार संक्रमित शामिल हैं। यहां हुए आयोजन में शामिल लोगों की जांच के लिए टीमें भेजी गई हैं। नये संक्रमितों में जेल के भी दो शामिल हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में शनिवार को 55 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले। इसमें हरथला रेलवे स्टेशन के समीप एक मैरिज हाल के चार संक्रमित शामिल हैं। यहां हुए आयोजन में शामिल लोगों की जांच के लिए टीमें भेजी गई हैं। नये संक्रमितों में जेल के भी दो शामिल हैं।

कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का क्रम जारी है। शुक्रवार को एक दिन में रिकार्ड 237 मरीज मिले थे, वहीं शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में 55 और लोग संक्रमित मिले। इसमें जिला जेल के दो, हरथला रेलवे स्टेशन के समीप मैरिज हाल के चार स्टाफ भी शामिल हैं। इसके अलावा शहर के 38 अन्य लोग भी संक्रमित निकले हैं।

बुधवार को शहर के आठ मरीज आरटीपीसीआर जांच में दोबारा संक्रमित पाए गए हैं। जिला सर्विलांस टीम ने उन्हें एक सप्ताह और होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है। वहीं रैपिड रिस्पांस टीमें शहर में सार्वजनिक स्थलों और पंचायत भवन में कोरोना जांच कर रही हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी डा. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि जो नये संक्रमित हैं उन्हें भी होम आइसोलेट कराया गया है। कंट्रोल रूम से उन्हें दवा भेजी जा रही है। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की भी जांच करा रहे हैं। सभी को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।

कॉलेजों में लगाया जा रहा किशोरों को कोविडरोधी टीका
मुरादाबाद। जिला महिला अस्पताल सहित आठ बूथों के अलावा शनिवार को शहर में कई कॉलेजों में भी किशोरों को कोविडरोधी टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य टीमें बूथ और स्कूलों में 15-17 वर्ष के किशोरों का टीकाकरण कर रही हैं। जिला महिला अस्पताल में बने बूथ पर आसपास के क्षेत्रों के किशोर टीकाकरण के लिए पहुंचे। उन्हें कोवैक्सीन की पहली डोज का टीका लग रहा है। जिन किशोरों ने कोविन एप पर आनलाइन पंजीकरण नहीं कराया है, उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड या कालेज से जारी परिचय पत्र देखकर आनस्पाट पंजीकरण कर टीकाकरण किया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा का कहना है कि तीन जनवरी से किशोरों को कोविडरोधी टीका लगाया जा रहा है। कालेजों भी स्वास्थ्य टीमें अब जाकर टीका लगा रहीं हैं। दो लाख 17 हजार से अधिक किशोरों को जल्द से जल्द टीका लगाने में जुटे हैं। लोगों से अपील है कि वह अपने परिवार के 15-17 वर्ष के बच्चों को बूथ पर लाकर टीकाकरण कराएं।

संबंधित समाचार