कुमाऊं में नैनीताल जिला बना कोरोना का हॉटस्पाट, आठ दिन में 912 मरीज मिले
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में नैनीताल जिला कोरोना का हॉटस्पाट बन गया है। यहां पिछले आठ दिनों में कोरोना के 912 मामले मिले हैं। हर दिन कोरोना मरीजों की संख्या में बड़ा उछाल आ रहा है, जबकि मंडल के बाकी जिलों में अपेक्षाकृत स्थिति संभली हुई है। शनिवार को नैनीताल जिले में कोरोना के 404 …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं में नैनीताल जिला कोरोना का हॉटस्पाट बन गया है। यहां पिछले आठ दिनों में कोरोना के 912 मामले मिले हैं। हर दिन कोरोना मरीजों की संख्या में बड़ा उछाल आ रहा है, जबकि मंडल के बाकी जिलों में अपेक्षाकृत स्थिति संभली हुई है।
शनिवार को नैनीताल जिले में कोरोना के 404 मामले सामने आए हैं। यहां कोरोना मामले को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। उत्तराखंड में तीन जिलों देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल जिले में कोरोना बेकाबू हो चुका है। कुमाऊं में नैनीताल जिले के अलावा बाकी जिलों में अपेक्षाकृत स्थिति संभली हुई है। नैनीताल जिले में पिछले आठ दिनों में प्रतिदिन औसतन 114 मामले सामने आए हैं।
इधर, स्वास्थ्य विभाग ने कोविड जांचों को भी बढ़ा दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यहां संक्रमण की स्थिति और भी बुरी हो सकती है। यहां के अलावा देहरादून में 537, हरिद्वार में 303, पिथौरागढ़ में 82, अल्मोड़ा में 52, चंपावत में 46, यूएस नगर में 37, टिहरी में 28, उत्तरकाशी में 20, चमोली में 13, चंपावत में 8 और रुद्रप्रयाग में 6 कोरोना के मरीज मिले हैं।
नैनीताल जिले में सबसे ज्यादा संक्रमण दर
उत्तराखंड में कोरोना जांच में पॉजिटिव दर 10.26 प्रतिशत पहुंच गया है। यहां शनिवार को कुल 15200 सैंपलों की कोरोना जांच की गई। जिसमें से 1560 लोग पॉजिटिव निकले हैं। इधर नैनीताल जिले में पॉजिटिव दर सबसे ज्यादा दर्ज की गई है। यहां पिछले दिनों तक कोरोना जांच में पॉजिटिव दर 4 प्रतिशत थी जो शनिवार को 34.79 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके बाद देहरादून जिले में 19.30 प्रतिशत तो हरिद्वार में 11.87 प्रतिशत की दर से मरीज मिल रहे हैं।
लोगों से अपील है कि कोविड नियमों का पालन करें। भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचें। मास्क और सैनेटाइजर का प्रयोग करते रहें। – डॉ. रश्मि पतं, एसीएमओ, नैनीताल
