बरेली: बारिश में निर्माणाधीन सड़कों पर चलना हुआ खतरनाक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी सहित नगर निगम व पीडब्ल्यूडी की सड़कों की खुदाई और अधूरे काम से शनिवार को बारिश में चलना दूभर और खतरनाक हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी बदायूं रोड पर करगैना के पास लोगों को झेलनी पड़ी। इस सड़क पर भयंकर गड्ढे हो गए हैं। बारिश से सड़क पर चलना और …

बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी सहित नगर निगम व पीडब्ल्यूडी की सड़कों की खुदाई और अधूरे काम से शनिवार को बारिश में चलना दूभर और खतरनाक हो गया। सबसे ज्यादा परेशानी बदायूं रोड पर करगैना के पास लोगों को झेलनी पड़ी। इस सड़क पर भयंकर गड्ढे हो गए हैं। बारिश से सड़क पर चलना और भी ज्यादा दुश्वार होता जा रहा है। यही हाल शहर की तमाम सड़कों का है। इनके निर्माण कार्य में भी देरी के चलते बारिश और कीचड़ से लोगों का कदम-कदम पर चलना मुश्किल हो गया है।

शहर में इन दिनों स्मार्ट सिटी परियोजना और दूसरे फंड से भी सड़कों के निर्माण के काम चल रहे हैं। स्मार्ट सिटी के तहत श्यामगंज चौराहे से विकास भवन होते हुए गांधी उद्यान की ओर सड़क व नाले का निर्माण हो रहा है। यहां बरेली कॉलेज के गेट के पास काफी समय से मिट्टी व मलबा सड़क पर फैला हुआ है। बारिश से यहां फिसलन और कीचड़ से स्कूटी-बाइक वाले फिसलते-गिरते हुए दिखाई दिए। कार्यदायी संस्था यहां सड़कों के निर्माण को पूरा करने में विलंब कर रही है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति चौपुला से आगे बदायूं रोड की है। यहां करगैना से पहले कई जगहों पर आधी सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है।

रोड की हालत ऐसी है कि यहां छोटे वाहनों की बात छोड़िए, कई बार ट्रक व सवारियों से भरी बसें तक पलटते हुए बची हैं। मानसून सीजन में यहां कई बड़े हादसे होते-होते बचे। शनिवार को हुई बारिश में भी रोड पर पानी भरने और कीचड़ से वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। यह सड़क पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अधिकारियों के बीच चल रही खींचतान की वजह से सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। रामपुर गार्डन में भी यहां स्मार्ट सिटी के तहत सड़कों का निर्माण बड़े पैमाने पर हो रहा है।

यहां सड़कों को चौड़ा करने के नाम पर रोड के किनारे खुदाई कर दी गई है और उस पर पत्थर की बजरी बिछा दी गई है। ऐसे में यहां आए दिन राहगीर गिर रहे हैं लेकिन शनिवार को बारिश से यहां चलना और भी दुश्वार हो गया। यही हाल स्टेडियम रोड, संजयनगर शमशान भूमि से पीलीभीत बाईपास की ओर जाने वाले रोड, आईवीआरआई रोड सहित कई अन्य सड़कों का भी रहा।

संबंधित समाचार