बरेली: सीसीटीवी में कैद हुए सर्राफ से लूट करने वाले
बरेली, अमृत विचार। दिन-दहाड़े सर्राफ से लूट मामले में प्रेमनगर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। हालांकि चेहरे साफ न होने की वजह से आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। …
बरेली, अमृत विचार। दिन-दहाड़े सर्राफ से लूट मामले में प्रेमनगर पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। हालांकि चेहरे साफ न होने की वजह से आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। दूसरी तरफ प्रेमनगर इंस्पेक्टर जसबीर सिंह लगातार तहरीर न मिलने की बात कह रहे हैं। क्योलड़िया के मौजम नगला ठाकुरद्वारा निवासी सर्राफ नेत्रपाल गंगवार शनिवार को शहर आए थे।
वह डेलापीर से कुतुबखाना जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठे थे। प्रेमनगर धर्मकांटे के पास से एक व्यक्ति भी उसमें सवार हो गया था। कुछ दूर जाने के बाद ही लुटेरा सर्राफ की जेब से रुपये निकालकर ई-रिक्शा से कूदा और कोहाड़ापीर चौकी के पास खड़े साथी के साथ बाइक से फरार हो गया था। नेत्रपाल ने उसे पकड़ने की कोशिश की थी लेकिन ज्यादा दूर तक नहीं भाग सके और गिरकर चोटिल हो गए थे। उनका कहना है कि उन्होंने घटना के बाद ही शाहबाद चौकी में तहरीर दी थी।
पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रेमनगर इंस्पेक्टर ने बताया कि हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
