अयोध्या: मिल्कीपुर के प्रधान डाकघर में चोरी, बमुश्किल बचा कैश
अयोध्या। जिले में पुलिस प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला इनायतनगर थानाक्षेत्र के प्रधान डाकघर मिल्कीपुर का है। यहां से चोरी की खबर सामने आई है। चोर डाकघर में लगी खिड़की उखाड़कर आफिस कार्यालय में रखे कंप्यूटर, बैटरी, प्रिंटर, जनरेटर सहित अभिलेख …
अयोध्या। जिले में पुलिस प्रशासन के लाख प्रयासों के बाद भी चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला इनायतनगर थानाक्षेत्र के प्रधान डाकघर मिल्कीपुर का है। यहां से चोरी की खबर सामने आई है। चोर डाकघर में लगी खिड़की उखाड़कर आफिस कार्यालय में रखे कंप्यूटर, बैटरी, प्रिंटर, जनरेटर सहित अभिलेख चोरी कर ले गए हैं। इस मामले में इनायतनगर पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है।
चोरी की इस घटना के बाद क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव ने डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम बुलाकर गहन छानबीन कराई है, लेकिन अब तक कुछ भी सुराग हाथ नहीं लग सका है। हालांकि सब पोस्ट मास्टर ने मामले में केस दर्ज करने के लिए इनायत नगर पुलिस को तहरीर दी है।
कैश कक्ष में नहीं पहुंच पाए चोर
बता दें कि फैजाबाद-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित फायर सर्विस स्टेशन मिल्कीपुर के ठीक सामने उप डाकघर मिल्कीपुर भवन स्थित है। बीते नौ जनवरी की रात चोर, डाकघर भवन के पीछे लगी लकड़ी की खिड़की को उखाड़ दिए और डाकघर के आफिस में प्रवेश कर गए। हालांकि चोर डाकघर के उस कक्ष में प्रवेश नहीं कर पाए, जिसमें कैश रखा हुआ था। आधार कार्ड बनाए जाने वाले कार्यालय में घुसे चोर कमरे में रखा सीपीयू, प्रिंटर, कैमरा, डेस्कटॉप, इनवर्टर, आधा दर्जन बैटरी और जनरेटर तथा आधार रजिस्टर सहित अन्य कीमती सामान उठा ले गए।
पढ़ें: अयोध्या: बढ़ते कोरोना को देखते हुए कृषि विश्वविद्यालय ने लिया निर्णय, जानें क्या?
घटनास्थल को देखकर दंग रह गए सब पोस्ट मास्टर
सब पोस्ट मास्टर ठेकेदार यादव जब पोस्ट आफिस पहुंचे तब उन्होंने आधार कार्ड बनाए जाने वाले कार्यालय को अस्तव्यस्त देखा और दीवार की खिड़की बाहर पड़ी देख उन्होंने तत्काल इनायत नगर पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर अमरजीत सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
