मुरादाबाद: प्रेमी से बात करते पकड़ा तो ब्लेड मारकर थाने पहुंची नवविवाहिता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पाकबड़ा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता को उसके पति ने प्रेमी से फोन पर बात करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस पर उसने पत्नी की पिटाई कर दी। इससे गुस्साई पत्नी ने खुद को ब्लेड से घायल कर लिया और मायके वालों को मारपीट की सूचना देकर थाने पहुंच गई। …

पाकबड़ा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नवविवाहिता को उसके पति ने प्रेमी से फोन पर बात करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इस पर उसने पत्नी की पिटाई कर दी। इससे गुस्साई पत्नी ने खुद को ब्लेड से घायल कर लिया और मायके वालों को मारपीट की सूचना देकर थाने पहुंच गई। पुलिस ने पति को बुलाकर पूछताछ की तो सच्चाई सामने आ गई। पत्नी ने पति के खिलाफ तहरीर दे दी है मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। देर रात तक मामले को निपटाने के लिए प्रयास किए जा रहे थे।

थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक मजदूरी करता है। उसका विवाह दो महीने पूर्व थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवती के साथ हुआ था। बताया जाता है कि युवती का पहले से ही किसी से प्रेम प्रसंग था। शादी के बाद भी वह फोन पर प्रेमी से छिप-छिप कर बातें करती थी। सोमवार को भी वह प्रेमी से फोन पर बातें कर रही थी। इस दौरान अचानक पति वहां पहुंच गया। उसे देख युवती सकपका गई। पति ने फोन देखा तो असलियत खुल गई। इस पर पति ने उसकी पिटाई कर दी।

पति का कहना है कि अपनी करतूत छिपाने के लिए उसने अपने हाथों को ब्लेड से घायल कर लिया और मायके वालों को फोन कर दिया कि पति ने उस पर चाकू से हमला किया है। इसके बाद वह थाने पहुंच गई। जानकारी मिलते ही मायके वाले भी थाने पहुंच गए। पुलिस ने पति को थाने बुलाकर पूछताछ की तो सच्चाई का पता चला। इसके बाद भी नवविवाहिता ने पति के खिलाफ तहरीर दे दी। इंस्पेक्टर रंजन शर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है मगर दोनों पक्षों के लोग समझौते का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

संबंधित समाचार