रामपुर: टांडा में चुनाव प्रचार कर रहे 73 सपाइयों पर मुकदमा, 23 नामजद, 4 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर/टांडा, अमृत विचार। टांडा नगर में सोमवार रात को झुंड बनाकर सपा के सौ से अधिक कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी, जिससे खलबली मच गई। पुलिस ने 73 सपाइयों के खिलाफ आचार संहिता और धारा 144 का उल्लंधन करने का मामला …

रामपुर/टांडा, अमृत विचार। टांडा नगर में सोमवार रात को झुंड बनाकर सपा के सौ से अधिक कार्यकर्ता पार्टी का प्रचार कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने धरपकड़ शुरू कर दी, जिससे खलबली मच गई। पुलिस ने 73 सपाइयों के खिलाफ आचार संहिता और धारा 144 का उल्लंधन करने का मामला दर्ज कर लिया। इस दौरान चार सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद सपाई फरार हो गए हैं।

विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के बाद जिले में पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। सोमवार रात टांडा नगर में सपा कार्यकर्ताओं की भीड़ सपा के लिए प्रचार कर रही थी। धारा 144 का उल्लंघन कर सपा का प्रचार करने की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही भगदड़ मच गई। पुलिस ने धरपकड़ करके चार सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। जबकि बाकी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 73 सपाइयों के खिलाफ कोतवाली डांटा में आचार संहिता और धारा 144 के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें 23 सपाई नामजद किए गए हैं। पचास अज्ञात के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।

नामजद सपाइयों में अनवार पुत्र नवी अहमद निवासी फैजुल्लानगर, रऊफ पहलवान निवासी झुरक झुंडी, मुजफ्फर मोहल्ला छितरिया जागीर, नामे अली, जमील अहमद, इंतियाज, शाहिद, इन्तजार, फारूख, असगर अली, जयप्रकाश, शरीफ प्रधान, रिजवान, अकील, रियासत, कुदरत, साजिद, सलीम, नबाव जान, उस्मान, आरिफ, नक्शे अली और सद्दाम शामिल हैं। यह सभी अपने घरों से फरार हो गए हैं। नगर में पुलिस की इस कार्रवाई से खलबली मची हुई है। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भीड़ एकत्र होने से कोविड-19 की गाइड लाइन का उल्लंघन
कोरोना संक्रमण की रप्तार तेजी के साथ फैल रही है। भीड़ एकत्र करने पर संक्रमण फैल सकता है। कोविड 19 की गाइड का भी उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस प्रशासन चुनाव शांति पूर्वक कराने के साथ ही कोविड की गाइड लाइन का पालन कराने को भी सख्ती बरत रहा है।

अब्दुल्ला आजम का निर्वाचन क्षेत्र है टांडा
टांडा विधान सभा क्षेत्र सपा के कद्दावर नेता सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम का विधान सभा क्षेत्र है। पिछले 2017 के चुनाव में अब्दुल्ला यहां से विधायक चुने गए थे, बाद में उनके चुनाव में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंच गया था। हाईकोर्ट ने अब्दुल्ला की विधायकी रद्द कर दी थी। हालांकि वे सुप्रीम कोर्ट में चले गए हैं। इस सीट पर इस बार फिर अब्दुल्ला के मैदान में आने की चर्चा है। अब्दुल्ला इन दिनों अपने पिता आजम खां के साथ सीतापुर जेल में बंद हैं। अब्दुल्ला की अधिकांश मामलों में जमानत हो चुकी है, जल्द जमानत पर आने की संभावना है।

आचार संहिता का उल्लंघन करने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी समाजवादी पार्टी के लिए वोट मांग रहे थे। फरार लोगों की तलाश की जा रही है। -गौरव कुमार यादव, टांडा प्रभारी

आचार संहिता के नाम पर पुलिस उत्पीड़न न करे : गोयल
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने कहा कि जानकारी के अभाव में पार्टी कार्यकर्ता गुट बनाकर खड़े हो गए होंगे। अब पुलिस आचार संहिता के नाम पर इनका उत्पीड़न न करे। घरों में जाकर दबिश देकर परिवारों के साथ सही व्यवहार से पेश आए। क्योंकि यह सपा कार्यकर्ता हैं। अपराधी नहीं हैं।

संबंधित समाचार