मुरादाबाद : कांग्रेस की पहली सूची जारी, हाजी रिजवान कुरैशी शहर से उम्मीदवार घोषित…यहां देखिए पूरी लिस्ट
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने गुरुवार को प्रदेश में 125 सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मंडल में कांग्रेस ने मुरादाबाद शहर से हाजी रिजवान कुरैशी और मुरादाबाद देहात से नदीम अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया है। नाम की घोषणा होते ही प्रत्याशियों के समर्थकों …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने गुरुवार को प्रदेश में 125 सीटों के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मंडल में कांग्रेस ने मुरादाबाद शहर से हाजी रिजवान कुरैशी और मुरादाबाद देहात से नदीम अंसारी को उम्मीदवार घोषित किया है। नाम की घोषणा होते ही प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल नगाड़े बजाकर खुशी जताई।

कांग्रेस की पहली सूची जारी होते ही मुरादाबाद जिले की छह में से दो सीट पर प्रत्याशी उतारे जाने के बाद पार्टी में राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई। मुरादाबाद नगर से पार्टी नेतृत्व ने मोहम्मद रिजवान कुरैशी और मुरादाबाद ग्रामीण विधानसभा से मोहम्मद नदीम को प्रत्याशी घोषित कर अन्य दलों से बढ़त ली है। शेष चार सीटों बिलारी, कुंदरकी, ठाकुरद्वारा और कांठ से अभी प्रत्याशियों के नाम का ऐलान होना बाकी है। हालांकि टिकट की घोषणा के बाद पार्टी में बगावत के सुर भी अंदरखाने में तेज हो गया है।

टिकट न मिलने से जिलाध्यक्ष भी मायूस
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद खुद भी टिकट के दावेदार थे। लेकिन शहर सीट से उनकी बजाय रिजवान कुरैशी को टिकट मिला। इससे जिलाध्यक्ष भी मायूस हो गए हैं। हालांकि दबी जुबान वह पार्टी के निर्णय के साथ रहने का भरोसा दिला रहे हैं। जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद का कहना है कि टिकट देना पार्टी का निर्णय होता है। सबकी उम्मीद होती है, राजनीति में अपनी पार्टी से टिकट मिलने की आस लगाना कोई गलत नहीं है।
रामपुर से काजिम अली प्रत्याशी घोषित
बिजनौर के नजीबाबाद से सलीम अंसारी, नगीना से राजीव सिंह और नहटौर से मीनाक्षी को प्रत्याशी बनाया गया है। रामपुर से काजिम अली, बिलासपुर से संजय कपूर, अमरोहा से सलीम खान और धनौरा से समर पाल सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है। आपको बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सचिन चौधरी की पत्नी को गढ़मुक्तेश्वर सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। सचिन चौधरी अमरोहा से लोकसभा चुनाव लड़े थे।

