अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी के चुनाव लड़ने की चर्चा से संत मुदित
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर संत समाज में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। संतों का कहना है कि यदि योगी अयोध्या से चुनाव लड़ते हैं तो यह यहां के लोगों के लिए बड़ी बात होगी। हालांकि अभी श्री योगी की अधिकृत उम्मीदवारी की घोषणा नहीं …
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या सीट से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर संत समाज में हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। संतों का कहना है कि यदि योगी अयोध्या से चुनाव लड़ते हैं तो यह यहां के लोगों के लिए बड़ी बात होगी। हालांकि अभी श्री योगी की अधिकृत उम्मीदवारी की घोषणा नहीं हुई है।
इसे लेकर संतों का कहना है कि निश्चित रूप से यह संत समाज के लिए गौरव का विषय है। आचार्य पीठ दशरथ महल बड़ा स्थान पीठाधीश्वर महंत देवेंद्र प्रसादाचार्य ने इसे अयोध्या की संभावनाओं का संयोग बताया। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने अपने वर्तमान कार्यकाल में अयोध्या को संवारने की दिशा में अविस्मरणीय भूमिका निभाई है और निकट भविष्य में वे फिर से इस अभियान को ऊंचाई प्रदान करेंगे।
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री का यह फैसला अयोध्या को गौरवान्वित करने वाला है और अयोध्या भी मुख्यमंत्री को गौरवान्वित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अयोध्या के लिए बहुत कुछ किया है। अब अयोध्या की बारी है और अयोध्या उन्हें रिकॉर्ड मतों से विधानसभा में भेज कर अपनी भूमिका का निर्वहन करेगी।
ये भी पढ़ें: अयोध्या: बीमारी से तंग महिला ने ट्रेन से कट कर दी जान
मुख्यमंत्री योगी के लिए ये सुनहरा अवसर : महंत रामदास
सुप्रसिद्ध पीठ रामबल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास के अनुसार अयोध्या धर्म की राजधानी और इस राजधानी का प्रतिनिधित्व यदि मुख्यमंत्री करें तो इससे बेहतर कुछ और नहीं हो सकता। नाका हनुमानगढ़ी के महंत रामदास इसे अयोध्या के लिए सुअवसर करार देते हैं। उनका कहना है कि अयोध्या के पास मुख्यमंत्री के कर्ज से मुक्त होने का अवसर मिला है और इस कर्ज की भरपाई बहुत शानदार तरीके से होगी । दशरथ गद्दी के महन्त बृजमोहन दास कहते हैं कि योगी जैसे दिग्गज राजनीतिज्ञ के प्रतिनिधित्व से अयोध्या और खिल उठेगी।
बता दें कि इस बार का विधानसभा चुनाव ऐसे समय में हो रहा है, जब रामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का कार्य चल रहा है। राजनीतिक पंडितों का मानना है कि मुख्यमंत्री अयोध्या सीट से चुनाव लड़ते हैं कि तो इसका असर आसपास की सीटों पर भी पड़ सकता है।
निर्वाणी अनी अखाड़े के श्री महंत धर्मदास कहते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यहां विधानसभा का चुनाव लड़ना निश्चित ही रामनगरी की गरिमा के अनुरूप है। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री रहते अयोध्या में विकास की अनेक परियोजनाएं चलीं। ऐसे में यहां से चुनाव लड़ना उनके अयोध्या से लगाव को भी दर्शाता है।
