अयोध्या: कल मनाई जाएगी मकर संक्रांति, सुबह 6:50 से शुरू होगा पुण्यकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। मकर संक्रांति इस बार शुक्रवार को ही पड़ेगी। इस बार तकरीबन 11 घंटे तक पुण्यकाल रहेगा, जो कि रामनगरी में सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर लगकर शाम जो 5 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगा। इसी बीच संक्रांति का परिवर्तन काल 2 बजकर 18 मिनट पर लगेगा, जिसमें स्नान व दान करना शुभ …

अयोध्या। मकर संक्रांति इस बार शुक्रवार को ही पड़ेगी। इस बार तकरीबन 11 घंटे तक पुण्यकाल रहेगा, जो कि रामनगरी में सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर लगकर शाम जो 5 बजकर 22 मिनट पर समाप्त होगा। इसी बीच संक्रांति का परिवर्तन काल 2 बजकर 18 मिनट पर लगेगा, जिसमें स्नान व दान करना शुभ माना जायेगा। क्योंकि इसी समय सूर्य धनु राशि से मकर राशि मे प्रवेश करेगा।

मकर संक्रांति पर खाई जाती है खिचड़ी

मकर संक्रांति के पर्व को अपने यहां खिचड़ी के तौर पर मनाया जाता है। इस दौरान पवित्र नदियों में स्नान के बाद दान देने की भी मान्यता है। ज्योतिषाचार्य रामानंद पांडेय बताते हैं कि चिंतामणि ग्रंथ के अनुसार मकर संक्रांति का पुण्यकाल मुहूर्त सूर्य के संक्रांति समय से 16 घटी पहले और 16 घटी बाद का पुण्यकाल होता है।

इस बार पुण्यकाल 14 जनवरी को सुबह 6 बजकर 50 मिनट से शुरू हो जाएगा, जो शाम को 5 बजकर 22 मिनट तक रहेगा। इसमें स्नान, दान, जाप भी कर सकते हैं। वहीं स्थिर लग्न यानि समझें तो महापुण्य काल मुहूर्त 9 बजे से 10 बजकर 30 मिनट तक रहेगा। रामानन्द पांडेय ने बताया कि परिवर्तन काल में भी स्नान करना काफी अच्छा रहता है।

गंगाजल की बूंदें डाल घर पर भी कर सकते हैं स्नान

मकर संक्रांति के पुण्यकाल में पवित्र नदियों में सबसे पहले स्नान करने का महत्‍व है, लेकिन कोराना संक्रमण की वर्तमान स्थिति को देखते हुए घर पर स्‍नान किया जा सकता है। घर में एक टब अथवा बाल्‍टी में पानी में गंगाजल की बूंदे डालकर स्नान करें। फिर सूर्यदेव को अर्ध्य दें और उनकी पूजा करें। ब्राह्मणों को भोजन कराएं और दान दें। काले तिल का दान करें।

शुभ काम का भी 16 से ही होगा आगाज

मकर संक्रांति लगते ही एक माह से लगे खरमास का समापन हो जाता है। खरमास के दौरान कोई भी शुभ कार्य नहीं होता है। इस वजह से समाज में शादी-विवाह जैसे कार्यक्रम नहीं हो रहे थे, लेकिन अब 16 जनवरी से खरमास का समापन हो रहा है। इसी के साथ देवताओं का दिन प्रारंभ होने जा रहा है। इसके साथ मांगलिक कार्यक्रमों का रास्ता खुलने जा रहा है। इस महीने 22 तारीख से लगन भी शुरू हो जाएगी।

ये भी पढ़ें: अयोध्या: बीमारी से तंग महिला ने ट्रेन से कट कर दी जान

संबंधित समाचार