मुरादाबाद : मुश्किल में स्वास्थ्य विभाग, चुनाव से 10 दिन पहले कैसे होगा 100 फीसदी टीकाकरण
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में 14 फरवरी को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से 10 दिन पहले प्रथम डोज का 100 फीसदी टीकाकरण गले की फांस बना है। आयोग ने फरमान जारी किया है मतदानकर्मियों व मतदान करने वाले वोटरों को प्रतिरक्षित करना जरूरी है। यह फरमान चिकित्साधिकारियों के लिए चुनौती है। केंद्रीय निर्वाचन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में 14 फरवरी को होने वाले दूसरे चरण के मतदान से 10 दिन पहले प्रथम डोज का 100 फीसदी टीकाकरण गले की फांस बना है। आयोग ने फरमान जारी किया है मतदानकर्मियों व मतदान करने वाले वोटरों को प्रतिरक्षित करना जरूरी है। यह फरमान चिकित्साधिकारियों के लिए चुनौती है।
केंद्रीय निर्वाचन आयोग ने पांच राज्यों में मतदान की तारीखों का ऐलान करते समय इन राज्यों में कोरोना को काबू में रखने की हर उपाय करने का निर्देश राज्य सरकारों को दिया है। इसमें मतदान के 10 दिन पहले कम से कम पहली डोज का 100 फीसदी टीकाकरण कराना है, लेकिन जिले में तीन जनवरी से शुरू हुए किशोर टीकाकरण का केवल 22 फीसदी लक्ष्य हासिल हुआ है।
वहीं, 18 या इससे ऊपर आयु वालों के टीकाकरण की बात करें तो उसमें भी अभी पहली डोज का टीका 86 फीसदी लोगों को लगा है। शेष 14 फीसदी लोगों को पहली डोज का टीका चार फरवरी तक लगाना गले की फांस बना है। हालांकि चिकित्साधिकारी इसके लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसको देखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिले में 20 निजी अस्पतालों में भी कोविड टीकाकरण की अनुमति दे दी है। जिससे कम से कम पहली डोज का टीका 100 फीसदी लोगों को लग सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइनकर्मियों, 60 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों, किशोरों को जल्द प्रतिरक्षित करने के लिए टीकाकरण में तेजी लाने का हर संभव प्रयास जारी है। धर्मगुरुओं के माध्यम से लोगों से टीकाकरण की अपील कराई गई है। सभी लोग जो टीकाकरण के दायरे में हैं, वह बूथों पर पहुंचकर टीका लगवाएं। कॉलेजों भी टीम भेजकर किशोरों को टीका लगवा रहे हैं। इसमें 15-18 आयु वर्ग वाले युवा शामिल हैं।
