कांग्रेस ने संभल से निदा अहमद और असमोली से मरगूब आलम को बनाया प्रत्याशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रही हैं। कांग्रेस भी चुनाव की तैयारी में जुटी है। कांग्रेस ने जनपद की कुछ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं तो कुछ में प्रत्याशियों के नामों पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस ने संभल विधानसभा …

संभल, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तहत पार्टियां अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची तैयार कर रही हैं। कांग्रेस भी चुनाव की तैयारी में जुटी है। कांग्रेस ने जनपद की कुछ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं तो कुछ में प्रत्याशियों के नामों पर मंथन चल रहा है। कांग्रेस ने संभल विधानसभा सीट पर मीडिया जगत की एंकर निदा अहमद को प्रत्याशी बनाया है तो वहीं असमोली विधानसभा सीट पर कारोबारी और समाज सेवी हाजी मरगूब आलम पर भरोसा जताया है। दोनों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम फाइनल होने पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।

बता दें कि कांग्रेस ने प्रदेश की कुछ विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है, जिनमें संभल जनपद की दो विधानसभा सीटें भी शामिल हैं। संभल सीट पर पिछले कई चुनावों से सपा का कब्जा रहा है। संभल मुस्लिम बाहुल्य सीट मानी जाती है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने भी इस बार शहर के मोहल्ला चौधरी सराय निवासी निदा अहमद पुत्री मोहम्मद मुद्दसीर जो कि मुस्लिम समाज में अपनी खास पहचान रखती हैं, उनको संभल सीट पर प्रत्यासी बनाया है।

निदा जितना आम लोगों के बीच में प्रचलित हैं उतना ही वह अपने कार्यक्षेत्र अर्थात मीडिया जगत में भी दक्ष और कुशल हैं। वह पिछले कई वर्षों से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम कर रही हैं। निदा अहमद ने संभल में रहते हुए इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यूपी बोर्ड से ही की थी। उसके बाद उन्होंने लखनऊ से पत्रकारिता की पढ़ाई की। पत्रकार के रूप में वह बड़े-बड़े नेताओं के साक्षात्कार ले चुकी हैं। हाल में ही निदा अहमद एक चैनल से बतौर एंकर के रूप में जुड़ी हैं।

निदा अहमद ने दो दिन पहले ही कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय लखनऊ में पार्टी की सदस्यता ली थी। संभल विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी निदा अहमद पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि निदा का परिवार पिछले कई वर्षों से कांग्रेस पार्टी के साथ काम कर रहा है। इसके साथ ही असमोली विधानसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी ने मुरादाबाद जनपद के लाजपत नगर निवासी हाजी मरगूब आलम पुत्र महरूम हाजी अब्दुल कयूम को प्रत्याशी घोषित किया है।

हाजी मरगूब आलम ने यूपी बोर्ड से कक्षा 10वीं तक की शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने 1992 में बहुजन समाज पार्टी की तरफ से मुरादाबाद की 32 विधानसभा सीट से प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। हाजी मरगूब ने 2013 में कांग्रेस की सदस्यता ली थी। मरगूब आलम ने 2017 में कांग्रेस से असमोली विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनने के लिए आवेदन किया था। वह कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन होने से चुनाव नहीं लड़ सके थे लेकिन पार्टी के लिए काम करते रहे। गुरुवार को हाजी मरगूब आलम को असमोली विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने प्रत्याशी बनाकर चुनावी मैदान में उतार दिया। संभल जनपद की चंदौसी और गुन्नौर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी घोषित करने के लिए पार्टी के दिग्गज नेता मंथन कर रहे हैं।

संबंधित समाचार