मुरादाबाद : सर्दी से नहीं मिली राहत, पांच डिग्री तक लुढ़का पारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार।  बादल और कोहरे के कारण फिलहाल सर्दी के सितम से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को दिन निकलने के साथ छाए कोहरे और बादलों ने ठंड को बढ़ा दिया। दिन में कई बार पारा लुढ़ककर पांच डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में लोग सर्दी से राहत पाने के लिए …

मुरादाबाद, अमृत विचार।  बादल और कोहरे के कारण फिलहाल सर्दी के सितम से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। शुक्रवार को दिन निकलने के साथ छाए कोहरे और बादलों ने ठंड को बढ़ा दिया। दिन में कई बार पारा लुढ़ककर पांच डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में लोग सर्दी से राहत पाने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। वहीं शुक्रवार को सड़कों पर भी आवाजाही कम देखने को मिली। सर्द हवाओं के बीच लोगों ने बचाव के लिए घरों में रहना मुनासिब समझा। वहीं शु्क्रवार को एक्यूआई 120 दर्ज किया गया।

नए साल का आगमन काफी सुहाना हुआ था। रोजाना दिन में निकलने वाली चटक धूप के कारण सर्दी का खास अहसास नहीं हुआ। हालांकि पांच जनवरी के बाद मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी। जिसकी वजह थी कि पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी हो रही थी। इसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल गया। उत्तराखंड से सटा होने के कारण मुरादाबाद में अचानक मौसम सर्द हो गया। रही-सही कसर कई दिन तक हुई लगातार बारिश ने पूरी कर दी। मौजूदा समय में हालात यह है कि 24 घंटे लोगों को सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे और बदरी के कारण ठंड और गलन बढ़ गई है। हालांकि यह बारिश जहां लोगों की जान आफत में डाल रही है तो वायुमंडल को काफी फायदा हो रहा है। बारिश के कारण सड़क और पेड़ों में जमी धूल-मिट्टी पूरी तरह से साफ हो गई। जिस कारण कई माह बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक वायुमंडल के हिसाब से फायदेमंद साबित हो रहा है।

दिन भर नहीं निकल धूप, ठिठुरते रहे लोग
शुक्रवार को फिर महानगर वासियों को मौसम की बेरुखी का सामना करना पड़ा। मकर संक्रांति के मौके पर दिन निकलने के साथ ही कोहरे और छाई बदरी के बीच चलने वाली सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने के लिए मजबूर कर दिया। सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिली। रोजमर्रा के काम से जो घरों से निकले, उन्होंने खुद को गर्म कपड़ों से ढककर रखा था। सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। होटलों पर चाय की चुस्कियां लेने वालों की भीड़ रही। शुक्रवार को अधिकतम तामपान 17 और न्यूनतम पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं एक्यूआई 120 दर्ज किया गया।

अभी सर्दी से राहत नहीं मिलने वाली है। आगामी दो दिन तक बारिश पड़ने के आसार है। कोहरे से भी निजात नहीं मिलेगी।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक

संबंधित समाचार