संभल में धूमधाम से मनाया मकर संक्रांति पर्व, बांटा खिचड़ी का प्रसाद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को मकर संक्रांति का पावन पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने पवित्र धार्मिक स्थलों पर स्नान और पूजा पाठ के बाद गुड़, तिल और तिल से बनी खाद्य वस्तुएं एवं स्वादिष्ट खिचड़ी का वितरण किया। कुछ स्थानों पर जरूरतमंदों को वस्त्र, कंबल और रजाई भी वितरित की गईं। …

संभल, अमृत विचार। जिले में शुक्रवार को मकर संक्रांति का पावन पर्व धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने पवित्र धार्मिक स्थलों पर स्नान और पूजा पाठ के बाद गुड़, तिल और तिल से बनी खाद्य वस्तुएं एवं स्वादिष्ट खिचड़ी का वितरण किया। कुछ स्थानों पर जरूरतमंदों को वस्त्र, कंबल और रजाई भी वितरित की गईं।

नगर के शंकर कॉलेज चौराहे के पास गगन इंटरप्राइजेज पर भी एक कार्यक्रम हुआ, जहां पर हिन्दू नेता गगन वार्ष्णेय के नेतृत्व में खिचड़ी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं राहगीरों ने खिचड़ी के प्रसाद का आनंद लिया। इस दौरान हिन्दू समाज के कई अन्य लोग भी मौजूद रहे। दूसरी ओर पंडित योगेंद्र शर्मा ने बताया कि मकर संक्रांति पर्व से सूर्य उत्तरायण होना शुरू करते हैं। इस दिन खिचड़ी के दान का विशेष महत्व है। गंगा स्नान करने से पुण्य लाभ प्राप्त होता है। इस दिन से मौसम में बदलाव होगा तथा बसंत ऋतु का आगाज हो जाएगा और चारों ओर हरियाली फैलने लग जाती है। खेतों में सरसों के पीले फूल अपनी सुंदरता बिखेरते हैं, तो वहीं पतझड़ के बाद सभी पेड़-पौधे नई कपौलें छोड़ने लग जाते हैं। रंग-बिरंगे फूल भी खिलने लगते हैं।

वहीं आर्य युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने मकर संक्रांति पर सरायतरीन में यज्ञ किया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर ईश्वर से कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के खात्मे की प्रार्थना की। युवा संगठन के अध्यक्ष दीपक आर्य ने कहा कि यज्ञ करने से वातावरण शुद्ध होता है। घर में यज्ञ करने से कई लाभ होते हैं। उन्होंने कहा कि आर्य युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने यज्ञ कर ऋतु परिवर्तन और बसंत ऋतु के आगमन का स्वागत किया। उसके बाद युवाओं ने खिचड़ी के रूप में प्रसाद वितरण किया। इस दौरान संतोष कुमार आर्य, शीशपाल आर्य, दीपक आर्य, प्रियरत्न आर्य, मुकुल आर्य, वैभव आर्य, वीरेंद्र आर्य, विष्णु आर्य, हर्ष आर्य, अनुपम आर्य, जगत आर्य, संजीव आर्य, विशाल आर्य, राजीव आर्य और हर्ष आर्य आदि मौजूद रहे।

महिलाओं ने खिचड़ी खिलाकर दिया कोरोना से बचाव का संदेश
संभल। महिला शक्ति संगठन की कार्यकत्रियों ने संगठन की अध्यक्ष के नेतृत्व में हयातनगर में स्थित शिव मंदिर परिसर पर मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया। महिलाओं ने मंदिर में पूजा अर्चना कर खिचड़ी का भोग लगाया और बच्चों को गर्म कपड़े, बिस्किट व गरीबों को रजाई वितरित की। कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने के लिए लोगों को जागरूक किया। संगठन की अध्यक्ष दीपा वार्ष्णेय ने कोरोना वायरस की तीसरी लहर से बचने के लिए लोगों से मास्क लगाने की अपील की। अध्यक्ष ने कहा कि मकर संक्रांति  पर्व पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मंदिर में खिचड़ी का भोग लगाकर लोगों को खिचड़ी का वितरण किया। इस दौरान कविता गुप्ता, अंजना गुप्ता, साधना गुप्ता, मधु वार्ष्णेय, रिचा वार्ष्णेय, माधुरी देवी, निशी रानी, कल्पना वार्ष्णेय, माधवी वार्ष्णेय, नेहा वार्ष्णेय, बृजबाला आदि महिलाएं मौजूद रहीं।

संबंधित समाचार