सम्भल और सीतापुर के तमंचे करा रहे प्रदेश को अपराध का ‘डिस्को’

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। भले ही सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का नारा लगा रही हो, पर प्रदेश में अपराध का ग्राफ गिरने का नाम नहीं ले रहा। आलम ये है कि अवैध तरीके से हथियारों के निर्माण व तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश अब बिहार को भी मात दे रहा है। प्रदेश के कई जनपदों …

लखनऊ। भले ही सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का नारा लगा रही हो, पर प्रदेश में अपराध का ग्राफ गिरने का नाम नहीं ले रहा। आलम ये है कि अवैध तरीके से हथियारों के निर्माण व तस्करी के मामले में उत्तर प्रदेश अब बिहार को भी मात दे रहा है। प्रदेश के कई जनपदों में अवैध तरीके से कट्टे-तमंचे बन रहे हैं। अब बिहार के मुंगेर के बजाय यूपी के सम्भल, सीतापुर और मुजफ्फरनगर के तमंचे पूरे प्रदेश को अपराध का डिस्को करा रहे हैं।

प्रदेश में चार दिन में 14 अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का भंडाफोड़

विधानसभा चुनाव-2022 के मद्देनर उत्तर प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू है। आचार संहिता को लेकर यूपी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ वृहतर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले चार दिनों में प्रदेश के नौ जनपदों में रिकॉर्ड 14 अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इन अवैध फैक्ट्रियों से पुलिस ने कुल 180 अवैध तमंच, 104 खोखे बरामद और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के सामान बरामद किये हैं। वहीं इस दौरान कुल 20 लोगों को अवैध शस्त्र बनाते गिरफ्तार किया गया है।

सबसे अधिक सम्भल में चल रहीं फैक्ट्रियां

अभियान के दौरान सम्भल जनपद में बीते चार दिनों में 04 अवैध फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर 39 अवैध तमंचे, 09 खोखे व भारी मात्रा में शस्त्र बनाने वाले सामान समेत कुल 04 लोगों का गिरफ्तार किया है। इसके अलावा राजधानी के समीपवर्ती जिले सीतापुर में 02 व उन्नाव में 01 अवैध शराब फैक्ट्री पकड़ी गई है। मुजफ्फर नगर में भी दो फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ हुआ है।

चुनाव के दौरान प्रदेश को अशांत करने की थी तैयारी

पुलिस की जांच एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में अवैध रूप से संचालित शस्त्र फैक्ट्रियों में बड़े पैमाने पर तमंचे व कट्टे बनाने का काम चल रहा था। संभवत: विधानसभा चुनाव-2022 के दौरान प्रदेश में अशांति फैलाने की अपराधियों की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस इस सिंडिकेट को तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

ये भी पढ़ें: लखनऊ: 18 से पूरी तरह छंट जायेगा राजधानी का कोहरा

कड़ी निगरानी के लिए चाक-चौबंद होंगी सीमाएं

आचार संहिता के दौरान शांति व्यवस्था के मद्देनजर कड़ी निगरानी के लिए प्रदेश में 107 अंतर्राष्ट्रीय और 469 अंतर्राज्यीय बैरिकेडिंग बनेंगी। इसके अलावा हजारों अंतर्जनपदीय बैरिकेडिंग बनाई जाएंगे। प्रदेश भर में कुल 109 सीसीटीवी, 420 पोर्टेबल सीसीटीवी, 563 स्टिल कैमरे, 492 वीडियो कैमरे व 3573 बॉडी वॉर्न कैमरे लगाये जायेंगे। सभी बैरिकेडिंग पर तीन शिफ्ट में पुलिस की तैनाती होगी।

आचार संहिता के दौरान अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी जिलों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये हैं। सभी जनपदों में लगातार छापेमारी की जा रही है। बड़ी संख्या में अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया है। सम्भल में बड़ी कार्रवाई की गई है। छापेमारी लगातार जारी रहेगी।

प्रशांत कुमार, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, उत्तर प्रदेश

संबंधित समाचार