बरेली: चोरी की बाइक से जमानत कराने पहुंचा सिपाही का हत्यारोपी, गिरफ्तार
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज में सिपाही के हत्यारोपी को ट्रैफिक व किला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पशु तस्करी के भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी तौफीक अपने एक साथी के साथ चोरी की बाइक से हत्या के मामले में कोर्ट में पेश होने के लिए बरेली आया था। वाहन चेकिंग के …
बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज में सिपाही के हत्यारोपी को ट्रैफिक व किला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पशु तस्करी के भी कई मामले दर्ज हैं। आरोपी तौफीक अपने एक साथी के साथ चोरी की बाइक से हत्या के मामले में कोर्ट में पेश होने के लिए बरेली आया था। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। किला क्षेत्र में गुरुवार को हेड कांस्टेबल पारस व सिपाही छत्रपाल किला पर वाहन चेकिंग कर रहे थे।
उसी समय रामपुर की ओर से दिल्ली व बरेली नंबर की दो बाइकों सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। चेकिंग के चलते दोनों को रोका गया लेकिन दिल्ली नंबर की अपाचे बाइक चलाने वाले हत्यारोपी तौफीक को पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। वहीं दूसरी बाइक चला रहा उसका साथी भाग निकला। तौफीक की तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा व कारतूस भी बरामद हुए। वहीं जानकारी पता करने पर पता चला कि वह जिस बाइक से सफर कर रहा था वह दिल्ली से चुराई गई थी। कुछ देर बाद तौफीक के साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी तौफीक ने 27 सितंबर 2018 की रात सीबीगंज थाने की परसाखेड़ा चौकी पर तैनात सिपाही संजीव कुमार की साथियों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से हमला करके हत्या कर दी थी। सिपाही संजीव कुमार ने चेकिंग के दौरान पशु तस्करों को रोका था। मामले में पुलिस ने तौफीक समेत तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार किया था। गुरुवार को पशु तस्कर तौफीक इसी मामले में कोर्ट में पेश होने के लिए पहुंचा था। वहीं उसका साथी सनी पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल की सजा काट चुका है। दोनों आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
