सेना दिवस: पीएम मोदी ने की सेना की सराहना, बोले- इनके योगदान को शब्दों में बयान नहीं कर सकते
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना दिवस के मौके पर शनिवार को भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि उसे उसकी बहादुरी एवं पेशेवर रवैये के लिए जाना जाता है और राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके अतुलनीय योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। आपको बता दें, फील्ड मार्शल केएम करियप्पा के …
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना दिवस के मौके पर शनिवार को भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि उसे उसकी बहादुरी एवं पेशेवर रवैये के लिए जाना जाता है और राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके अतुलनीय योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
आपको बता दें, फील्ड मार्शल केएम करियप्पा के भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर इन चीफ के रूप में कार्यभार संभालने की याद में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। करियप्पा ने 1949 में भारतीय सेना के अंतिम शीर्ष ब्रितानी कमांडर से यह पदभार ग्रहण किया था।
प्रधानमंत्री ने कहा, ”भारतीय सेना के जवान दुर्गम इलाकों में सेवाएं देते हैं और राष्ट्रीय आपदा समेत मानवीय संकट के दौरान नागरिकों की मदद के लिए आगे रहते हैं। विदेशों में शांति अभियानों के दौरान सेना के शानदार योगदान पर भारत को गर्व है।” उन्होंने कहा, ”खासकर साहसी जवानों, सम्मानीय सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को सेना दिवस की शुभकामनाएं। भारतीय सेना को उसकी बहादुरी और पेशेवर रवैये के लिए जाना जाता है। राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके अतुलनीय योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।”
राष्ट्रपति कोविंद ने सैन्यकर्मियों को सेना दिवस की शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को सेना दिवस पर मौजूदा और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा करने और शांति बनाए रखने के दौरान पेशेवर रवैये, कुर्बानी और बहादुरी का परिचय दिया। उन्होंने ट्वीट किया, ”मौजूदा और सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों को सेना दिवस की शुभकामनाएं। राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय सेना की अहम भूमिका रही है। हमारे जवानों ने सीमाओं की रक्षा करने और शांति बरकरार रखने के दौरान पेशेवर रवैये, बलिदान और बहादुरी का परिचय दिया। आपकी सेवा के लिए देश आपका आभारी है। जय हिंद।”
भारत का कद बढ़ने के बीच राष्ट्रीय हितों की रक्षा में सेना अहम बनी रहेगी: राजनाथ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत का कद और ताकत बढ़ने के मद्देनजर राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने में भारतीय सेना की अहम भूमिका बरकरार रहेगी। रक्षा मंत्री ने सेना दिवस के अवसर पर कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र की सीमाओं पर लगातार नजर रखती है और इस तरह वह नागरिकों में विश्वास पैदा करती है।
सेना के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए गए संदेश में सिंह ने कहा कि भारतीय सेना नई उभरती बहु-क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए विस्तारित भूमिका निभाने की तैयारी कर रही है। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सेना की कार्रवाई उल्लेखनीय रही है और सभी ने इसकी बहुत सराहना की है। उन्होंने कहा, ”भारत का कद और उसकी ताकत बढ़ रही है, ऐसे में भारतीय सेना हमारे राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने और हमारी राष्ट्रीय आकांक्षाओं को हासिल करने में अहम बनी रहेगी।” सरकार भारतीय सेना के क्षमता विकास और उसके कर्मियों, उनके परिवारों, सेवानिवृत्त कर्मियों और वीर नारियों (शहीदों की विधवाओं) के कल्याण को लेकर दृढ़ संकल्पित है।
राजनाथ सिंह ने कहा, ”इस अवसर पर, हम देश की सेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने वीर जवानों को नमन करते हैं।” उन्होंने कहा कि अपने प्रियजन की कुर्बानी से हुई क्षति को साहस और धैर्य के साथ सहने वाले परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए पूरा देश साथ खड़ा है।
