मुरादाबाद में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, 168 और संक्रमित मिले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को आरटीपीसीआर जांच में जिले में 168 नये संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमण शहर के कमोवेश हर मोहल्ले में फैल चुका है। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों को लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। कोरोना के प्रति लापरवाही भारी पड़ती …

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को आरटीपीसीआर जांच में जिले में 168 नये संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमण शहर के कमोवेश हर मोहल्ले में फैल चुका है। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों को लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। कोरोना के प्रति लापरवाही भारी पड़ती नजर आ रही है। हर दिन सैकड़ों नये संक्रमित आरटीपीसीआर जांच में मिल रहे हैं। शुक्रवार को जहां एक दिन में रिकार्ड 633 मरीज संक्रमित मिले थे।

शनिवार को भी 168 नये संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें टीएमयू सहित निजी और सरकारी अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी, स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सक, मीडिया कर्मी, पुलिस कर्मी और अधिकारी, जीआरपी, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र, अकादमी के जवान और निजी शिक्षण संस्थान के स्टाफ भी शामिल हैं। इसके अलावा देहात के क्षेत्र में कुंदरकी, बिलारी, मूंढापांडे, छजलैट, ठाकुरद्वारा विकास खंडों में भी 50 से अधिक लोग संक्रमण की चपेट में हैं। शुक्रवार को जिले में एक दिन में रिकॉर्ड सर्वाधिक 633 मरीज संक्रमित पाए गए थे। इनके संपर्क में आने वाले सैकड़ों लोगों तक जांच के लिए स्वास्थ्य टीमें पहुंच नहीं पाई हैं। इससे संक्रमण और फैलने की आशंका बनी हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव ने बताया कि संक्रमितों को होम आइसोलेट कराया जा रहा है। उनके संपर्क में आने वालों को भी सलाह दी जा रही है कि वे खुद भी सतर्क रहें। उनकी कोरोना जांच करने के लिए टीमें पहुंचेंगी। तब तक इधर-उधर न घूमें। घर में जहां हों, वहां सतर्कता बरतें। आकस्मिकता की स्थिति में कंट्रोल रूम के नंबर पर फोन कर मदद ले सकते हैं।

एक परिवार के तीन
आवास विकास कॉलोनी बुद्धि विहार में रहने वाले एक परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित हैं। इनमें 35 साल की महिला और उसके दो बच्चे, जिसमें दो साल की बच्ची भी शामिल है। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी से सावधान रहने की अपील की है।

बिहार व प्रदेश के इन जिलों के भी हैं नये संक्रमित
जिले में आरटीपीसीआर जांच में बरेली, रामपुर, बिजनौर, संभल, नोएडा जिला गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़ के भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके अलावा बिहार प्रांत का रहने वाला एक 25 वर्ष का युवक भी शामिल है।

जांच के लिए दौड़ती रहीं टीमें
कोरोना संक्रमितों को आइसोलेट कराने के साथ ही इनके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच के लिए भी रैपिड रिस्पांस टीमें दिन भर दौड़ती रहीं। संक्रमितों और इनके संपर्क में आए लोगों की संख्या के आगे टीमें और जांच करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की संख्या बौनी साबित हो रही है।

 

संबंधित समाचार