मुरादाबाद : मोबाइल की ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर 51.5 हजार की ठगी
मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑन लाइन मोबाइल फोन खरीदना युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने सात बार में उसे साढ़े 51 हजार रुपये का चूना लगा दिया। मोबाइल या रकम मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑन लाइन मोबाइल फोन खरीदना युवक को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने सात बार में उसे साढ़े 51 हजार रुपये का चूना लगा दिया। मोबाइल या रकम मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी ने साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी है।
पाकबड़ा के मोहल्ला बड़ा मंदिर निवासी विकास सैनी ने बताया कि अपने एक मित्र के कहने पर उसने ऑनलाइन मोबाइल फोन खरीदने के लिए एक नंबर पर संपर्क किया। इसके बाद सात बार में उसने 51 हजार 510 रुपये ऐंठ लिए। रकम लेने के बाद ठगों ने बताया कि 11 जनवरी को फोन आपके पते पर पहुंच जाएगा। विकास सैनी इंतजार ही करते रहे मगर फोन नहीं आया।
तब उन्होंने ठग को फोन किया तो वह अभद्रता करने लगा। धमकी दी कि तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। हम तेरे जैसे सैकड़ों लोगों को मोबाइल आदि का झांसा देकर अपने खाते और फोन पे नंबर पर पैसे डलवाते हैं। हम तुम्हारा पैसा नहीं देंगे, तुमसे जो हो कर लो। कहा कि हम मुकदमे और कचहरी से भी नहीं डरते हैं। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने और रकम वापस कराने की गुहार लगाई है।
