मुरादाबाद : नगर निगम की सख्ती के बाद फैक्ट्री संचालक ने जमा किए 11.29 लाख रुपये
मुरादाबाद, अमृत विचार। आचार संहिता में नगर निगम प्रशासन बकाएदारों पर सख्त हो गया है। इसका असर भी दिखने लगा है। शनिवार को मानसरोवर में बकाया के चलते फैक्ट्री सील करने पहुंची नगर निगम की टीम को देखकर फैक्ट्री संचालक ने बकाया जमा कर उसे सील होने की कार्रवाई से बचाया। बकाया धनराशि को वसूल …
मुरादाबाद, अमृत विचार। आचार संहिता में नगर निगम प्रशासन बकाएदारों पर सख्त हो गया है। इसका असर भी दिखने लगा है। शनिवार को मानसरोवर में बकाया के चलते फैक्ट्री सील करने पहुंची नगर निगम की टीम को देखकर फैक्ट्री संचालक ने बकाया जमा कर उसे सील होने की कार्रवाई से बचाया। बकाया धनराशि को वसूल कर टीम वापस लौट गई।
प्रोप्राइटर रवींद्र नाथ सूरी की मानसरोवर में हंसा प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री है। इस पर 31 मार्च 2021 तक 11 लाख 29 हजार 782 रुपये व्यवसायिक कर बकाया था। इसके चलते शनिवार को अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर दलबल के साथ फैक्ट्री सील करने पहुंचे। टीम को देखकर पहले तो संचालक ने कुछ मोहलत मिलने की बात रखी। लेकिन, टीम के तेवर देखकर उन्होने तत्काल बकाए की पूरी रकम मौके पर ही जमा कर सीलिंग की कार्रवाई से बचना मुनासिब समझा।
अधिकारियों ने 11,29,782 रुपये जमा कराकर उन्हें रसीद सौंपी और चेताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न आने पाए। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने कहा कि बकाएदारों के खिलाफ नगर निगम का यह अभियान जारी रहेगा। सभी को चेतावनी दी जाती है कि अपना गृहकर, व्यवसायिक कर, जलकर का बकाया तत्काल जमा करें। अन्यथा उनके भवन, प्रतिष्ठान, दुकान, फैक्ट्री को सील कर कुर्की, नीलामी की कार्रवाई कराई जाएगी। टीम में कर अधीक्षक मंगल सिंह पापड़ा, मोहम्मद सुबहान, मयंक चौधरी, अरविंद कुमार आदि शामिल रहे।
