अमरोहा: भाजपा के सामने अपना गढ़ बचाने की होगी चुनौती
मनोज पंवार/अमरोहा, अमृत विचार। चुनावी बिगुल बज चुका है और चुनावी मैदान भी तैयार हो रहा है। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर रहे हैं। भाजपा ने भी मकर संक्रांति पर अमरोहा जनपद की चारों विधान सभाओं पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। नौगावां सादात से वर्तमान विधायक संगीता चेतन चौहान का …
मनोज पंवार/अमरोहा, अमृत विचार। चुनावी बिगुल बज चुका है और चुनावी मैदान भी तैयार हो रहा है। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर रहे हैं। भाजपा ने भी मकर संक्रांति पर अमरोहा जनपद की चारों विधान सभाओं पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। नौगावां सादात से वर्तमान विधायक संगीता चेतन चौहान का टिकट काटकर देवेंद्र नागपाल को उम्मीदवार बनाया है, वहीं पूर्व प्रत्याशी राम सिंह सैनी को अमरोहा विधान सभा से उतारा है। पार्टी ने हसनपुर और मंडी धनौरा में दोनों विधायको पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार घोषित किया है। अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपना गढ़ बचाने की है, क्योंकि 2017 में तीन विधान सभाओं पर भाजपा चुनाव जीती थी।
विधान सभा 2022 के चुनाव की घोषणा हो चुकी है। पार्टियों ने चुनावी जंग जीतने के लिए अपनी-अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। बसपा और कांग्रेस भी अपने दो-दो उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। शनिवार को भाजपा ने हसनपुर से वर्तमान विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, मंडी धनौरा से राजीव तरारा, नौगावां सादात से पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल और अमरोहा विधान सभा क्षेत्र से राम सिंह सैनी को उम्मीदवार घोषित किया है।
पार्टी विकास के मुददे को लेकर लोगों के बीच जाएगी, जबकि विपक्षी सरकार की नाकामियों के सहारे चुनाव जीतने की जुगत में लगे हैं। सपा और रालोद का गठबंधन हो चुका है, जबकि बसपा और कांग्रेस अपने ही दम पर चुनाव लड़ रही है। हालांकि इस चुनाव में किसी भी उम्मीदवार के लिए जीत की राह आसान नहीं है। राम सिंह सैनी वर्ष 2012 में भी अमरोहा से भाजपा के उम्मीदवार रह चुके हैं और उस समय भी हार का सामना करना पड़ा था।
भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपना गढ़ बचाने की होगी, क्योंकि पहले के चुनाव में हसनपुर, धनौरा और नौगावां सादात से पार्टी ने जीत दर्ज कराई थी और सपा के उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे, जबकि अमरोहा में सपा चुनाव जीती थी। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सिंह नागर कहते हैं कि विकास की नीतियों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे और चारों सीटों पर पार्टी का परचम लहराएगा।

